मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा का पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन ने किया अभिनंदन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा का पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन ने किया अभिनंदन

 


गुवाहाटी, असम विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जनसमर्थन प्राप्त कर पुनः मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने पर पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रतिनिधिमंडल ने असम सचिवालय में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से सौहार्द भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा सफल एवं जनकल्याणकारी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।


प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय अध्यक्ष कैलाश काबरा, प्रांतीय महामंत्री रमेश कुमार चांडक, प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज जैन काला, सम्मेलन सहयोगी एवं माहेश्वरी सभा गुवाहाटी के अध्यक्ष सीताराम बिहानी तथा घनश्याम धानुका शामिल थे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का राजस्थानी परंपरा के अनुसार पगड़ी, चुनड़ी दुपट्टा, पुष्पगुच्छ एवं श्री सालासर दरबार की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया।


संयोगवश मुख्यमंत्री की वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर भी प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।


बैठक के दौरान सम्मेलन की ओर से समस्त मारवाड़ी समाज के नागरिक अभिनंदन समारोह हेतु समय देने का अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रति अपना स्नेह व्यक्त करते हुए मारवाड़ी अस्पताल के 110वें वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम तथा समाज के अभिनंदन समारोह में शामिल होने की सहमति प्रदान की।


प्रतिनिधिमंडल ने एग्रीकल्चर मार्केटिंग से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग का कार्यभार पूर्ण रूप से ग्रहण होने के बाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य पक्षों के साथ बैठक कर विषय पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।


इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने आगामी 20 सितम्बर 2026 को गुवाहाटी में आयोजित होने वाले नेपा अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार करते हुए अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।


भेंटवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों का आत्मीयतापूर्वक कुशलक्षेम जाना तथा समाज के प्रति अपने सहयोग और सद्भाव की भावना व्यक्त की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें