कैट ने दिल्ली के बाजारों में ऑड-ईवन लागू करने को बेतुका कदम बताया - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

कैट ने दिल्ली के बाजारों में ऑड-ईवन लागू करने को बेतुका कदम बताया



 -ओमिक्रोन के बढ़ते मामले चिंताजनक, लेकिन इससे कम नहीं होंगे मामले


-दिल्ली के बाजारों में ऑड-ईवन लागू करने से कारोबारी संगठन 'कैट' नाराज

नई दिल्ली। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के हर दिन बढ़ रहे मामलों को बेहद चिंताजनक बताया है। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी परिस्थिति में दिल्ली के बाजारों को ऑड-ईवन की तर्ज पर खोलना केजरीवाल सरकार का बेतुका कदम साबित होगा। इससे ओमिक्रोन या कोविड-19 के बढ़ते मामलों में कोई कमी तो नहीं आएगी। बल्कि, व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।

कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने मंगलवार को कहा कि देश के 8 करोड़ व्यापारी कोविड-19 के नए वैरिएंट ओमिक्रोन के खिलाफ जंग में केंद्र और राज्य सरकारों के साथ हर कदम पर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने मेट्रो, रेस्तरां और बार को 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालित करने तथा सिनेमा हॉल, स्पा, जिम, मल्टीप्लेक्स, बैंक्वेट हॉल, ऑडिटोरियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तत्काल प्रभाव से बंद करने का जो फैसला किया है। सरकार का यह सभी कदम व्यापार के लिए बेहद विपरीत होंगे।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इन प्रतिबंधों संपूर्ण लॉकडाउन या ऑड-ईवन प्रणाली पर बाजारों को संचालित करने की बजाय अनिवार्य रूप से कोविड सुरक्षा प्रोटोकॉल को अपनाने के लिए लोगों को प्रोत्साहित और प्रेरित करने के तरीके और उपाय निकाले। खंडेलवाल ने कहा कि व्यापार संघों को विश्वास में लेकर कोई भी कदम उठाना बेहतर होगा। सरकारी मशीनरी के समर्थन से व्यापार संघों को कोविड प्रोटोकॉल को अपनाते हुए एक व्यवस्थित तरीके से ग्राहकों की जांच करने के लिए सहयोग करने और उपायों को तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

खंडेलवाल ने कहा कि दुकानदारों को पहले ही कैट ने ग्राहकों के साथ व्यवहार करते समय 'नो मास्क-नो सेल' नीति अपनाने की सलाह दी है। कैट की सलाह के मुताबिक दुकानदार स्वयं और अपने कर्मचारियों के साथ अनिवार्य मास्क का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऑड-ईवन प्रणाली व्यर्थ है, क्योंकि जब भी ग्राहक बाजारों में जाते हैं, तो वे व्यापक तरीके से खरीदारी करना पसंद करते हैं। ऑड-ईवन फॉर्मूला उपभोक्ताओं की पसंद और खरीदारी को प्रतिबंधित करेगा, जो उपभोक्ता भावनाओं पर अपना नकारात्मक प्रभाव डालेगा।

कैट महामंत्री ने कहा कि चूंकि दुकानें लोगों का एकमात्र तत्काल संपर्क बिंदु है। उनके माध्यम से व्यापक जागरुकता अभियान चलाया जा सकता है। इसलिए दिल्ली के बाजारों को ऑड-ईवन तरीके से खोलने की बजाय एक मजबूत रणनीति बना कर उन्हें सशक्त बना सकते है। खंडेलवाल ने दिल्ली सरकार को ऐसे महत्वपूर्ण समय में समर्थन देने का पूरा आश्वासन दिया है। इसके साथ दिल्ली के बाजारों में ऑड-ईवन व्यवस्था को लागू न करने का अनुरोध भी किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें