भोपाल । कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को उम्मीदवार बनाया है। दिग्विजय सिंह अब कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा के उम्मीदवार होंगे। दिग्विजय सिंह आज गुरुवार को 12.30 बजे नामांकन दाखिल करेंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में जाने के पीछे दिग्विजय सिंह और सीएम कमलनाथ की कैमेस्ट्री को जिम्मेदार माना जा रहा है। इन दो वरिष्ठ नेताओं की जुगलबंदी की वजह से ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए गुंजाइश बेहद कम हो गई थी। आखिरकार दिग्विजय सिंह को राज्यसभा के लिए टिकट देकर सिंधिया की आशंका पर कांग्रेस ने मुहर लगा दी है।
दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि कांग्रेस मध्य प्रदेश से राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस दौरान दिग्विजय ने एक बार फिर सिंधिया पर जमकर हमला बोला। सिंधिया द्वारा प्रदेश सरकार पर ट्रांसफर उद्योग चलाए जाने के आरोप का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि सिंधिया के कहने पर सैकड़ों तबादले हुए हैं। मेरे गृह जिले में कलेक्टर-एसपी तक के तबादले सिंधिया के कहने पर किये गए। यहां तक कि सिंधिया के मुताबिक टिकट बांटे गए और मंत्री बनाये गए।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस को उन्हें अध्यक्ष बनाने या फिर राज्यसभा भेजने में कोई दिक्कत नहीं थी। उन्होंने कहा कि जब सरकार बनी थ तब सिंधिया को डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव दिया था लेकिन वो तुलसी सिलावट को डिप्टी सीएम बनाना चाह रहे थे। दिग्विजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक गांधी की विचारधारा छोड़ गोडसे की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने सिंधिया को भाजपा की ओर से सीएम के लिए बेहतर कंडिडेट बताया है।(हि.स.)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें