गुवाहाटी। असम-मिजोरम सीमा पर हिंसक झड़पों के संबंध में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को सीमा विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी सरकार का मुख्य ध्यान "पूर्वोत्तर की भावना को जीवित रखने पर है।"
मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि दो पड़ोसी राज्यों के पुलिस बलों के बीच झड़प "दोनों राज्यों के लोगों के लिए अस्वीकार्य है।"
मुख्यमंत्री सरमा ने एक ट्वीट कर लिखा, 'हमारा मुख्य फोकस नॉर्थ-ईस्ट की भावना को जिंदा रखने पर है। असम-मिजोरम सीमा पर जो हुआ वह दोनों राज्यों के लोगों के लिए अस्वीकार्य है। मिजोरम के मुख्यमंत्री ने क्वारेंटाइन के बाद मुझे फोन करने का वादा किया था। सीमा विवाद को बातचीत से ही सुलझाया जा सकता है।'
ज्ञात हो कि 26 जुलाई को पूर्वोत्तर के दो राज्यों के बीच सीमा विवाद को लेकर हुई हिंसा में 6 पुलिसकर्मियों सहित असम के कम से कम सात लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे।
झड़प के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की थी और उनसे विवादित सीमा पर शांति सुनिश्चित करने और सौहार्दपूर्ण समाधान खोजने का आग्रह किया था। (हि.स.)
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें