गुवाहाटी से नलबाड़ी तक बनेगा चिकित्सा का हब: जयंत मल्ल - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

गुवाहाटी से नलबाड़ी तक बनेगा चिकित्सा का हब: जयंत मल्ल



गुवाहाटी। मुख्यमंत्री के सलाहकार तथा विधायक जयंत मल्ल बरुवा ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा का सपना है कि गुवाहाटी से नलबाड़ी के बीच का क्षेत्र असम की चिकित्सा क्षेत्र का हब बने। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक होने के नाते यह उनका भी सपना है।


शनिवार को नलबाड़ी के बड़सरकूची में स्थापित शुश्रुषा हॉस्पिटल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक बरुवा ने ये बातें कही।

उन्होंने कहा कि गुवाहाटी से नलबाड़ी के बीच 70 किमी क्षेत्र में चार मेडिकल कॉलेज और एक ऑल इंडिया मेडिकल कॉलेज का होना अपने आप में बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि यह पूरा इलाका चिकित्सा का हब आने वाले दिनों में बन जाएगा। उन्होंने कहा कि गुवाहाटी में दो मेडिकल कॉलेज, चांगसारी में एक ऑल इंडिया मेडिकल कॉलेज, नलबाड़ी में एक मेडिकल कॉलेज तथा तामुलपुर में एक मेडिकल कॉलेज के अलावा कई अन्य अस्पताल इस इलाके में आने वाले दिनों में बनकर तैयार हो जाएंगे। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश की तरह असम का भी यह क्षेत्र मेडिकल हब के रूप में आने वाले दिनों में जाना जाएगा।

उन्होंने कहा कि नलबाड़ी से सबसे अधिक डॉक्टर बनकर लोग निकलते हैं। शायद ही कोई ऐसा गांव होगा जिसमें दो-चार डॉक्टर नहीं होते होंगे। लेकिन, रोजगार के अभाव में वे बाहर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में उन्हें स्थानीय लोगों की सेवा करने का पूरा मौका मिलेगा।

विधायक ने कहा कि ऐसा कौन व्यक्ति होगा जिसके मन में अपने क्षेत्र के लिए काम करने की लालसा नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आदमी को जितनी स्वीकृति अपने इलाके में मिलती है उतनी कहीं भी नहीं मिलती है। बड़े शहरों में जाकर लोगों की पहचान खो जाती है। उन्होंने कहा कि नलबाड़ी के चिकित्सक भी चाहते हैं कि नलवाड़ी के लोगों की सेवा करें, जिसका मौका उन्हें आने वाले समय में मिल सकता है।

इससे पूर्व विधायक बरुवा ने जिला के घोघपार अंचल के सठामौ में निर्माणाधीन इंजीनियरिंग कॉलेज के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इसके बन जाने से निचले असम में शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति आ जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन लाने के प्रति प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. सरमा दिन रात जनता की सेवा में लगे हुए हैं।

उन्होंने निर्माणाधीन कॉलेज का निरीक्षण करने के बाद निर्माण कार्य में प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही यह इंजीनियरिंग कॉलेज बनकर तैयार हो जाएगा।

इस दौरान बरुवा के साथ मंगलदै लोकसभा क्षेत्र के सांसद तथा भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया, प्रदेश भाजपा के सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा, फिल्म एवं वित्तीय विकास निगम के अध्यक्ष सीमांत शेखर समेत कई सम्मानित व्यक्ति मौजूद थे। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें