निखिल कुमार मुन्दड़ा
होजाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के परिणाम स्वरूप आगामी लोकसभा चुनाव में देश में भारतीय जनता पार्टी के लिए सही मायनों में 'कोई चुनौती नहीं है'। भारत की जनता को हम पर पूरा भरोसा है। उक्त बातें आज नवगठित लोकसभा क्षेत्र काजीरंगा से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कामाख्या प्रसाद तासा ने होजाई में कही। तासा ने कहा हम सब पहले ही देख चुके हैं कि कैसे I.N.D.I.A गठबंधन समूहों में बंटा हुआ है, उन्हें एक-दूसरे पर भरोसा नहीं है, वे सही मायने में बीजेपी से कैसे मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा भारत की जनता ने पहले से ही नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री का ताज पहनाने का मन बना लिया है। इसमें कोई किंतु परंतु नहीं है कि हम प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार सरकार बनाने जा रहें है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा के कुशल नेतृत्व में हमारा असम भी लगातार समृद्ध हो रहा है। तासा ने आगे कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में कलियाबोर लोकसभा क्षेत्र (अब काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र) को विकास के मोर्चे पर नजरअंदाज किया गया है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी लोगों के कल्याण और विकास के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उल्लेखयोग्य है, आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की सूची की घोषणा के बाद कामाख्या प्रसाद तासा पहली बार होजाई में पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। होजाई जिला भाजपा द्वारा गर्मजोशी से उनका स्वागत किया गया। । तासा के साथ स्थानीय विधायक रामकृष्ण घोष,भाजपा जिला अध्यक्ष अनूप देब, पूर्व जिला अध्यक्ष अर्जुन मजूमदार और सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता होजाई में श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर पहुंचे, उसके बाद वे भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ढोल नगाड़ों के साथ रैली के माध्यम से शहर के जुगल किशोर केडिया भवन पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा व अगप कार्यकर्ताओं से बातचीत की और उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव के लिए प्रोत्साहित किया। गौरतलब है की, नवगठित काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र में 57 नं कलियाबोर, 59 नं बारामपुर, 62 नं बिन्नाकांडी, 63 नं होजाई, 64 नं लमाडिंग, 103 नं गोलाघाट, 104 नं डेरगांव, 105 नं. बोकाखाट, 106 नं. खुमताई, 107 नं. सरूपाथर विधानसभा समष्टि शामिल है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें