गुवाहाटी, असम धर्मशाला, गुवाहाटी की नवगठित कार्यकारिणी (वर्ष 2026-29) की प्रथम बैठक मंगलवार को श्री गोहाटी गोशाला परिसर में अध्यक्ष सुशील कुमार गोयल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में संस्था के चेयरमैन दीनदयाल सिवोटिया, वरिष्ठ सलाहकारगण, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के प्रारम्भ में कार्यकारिणी सदस्य स्वर्गीय पवन कुमार जालान के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात पिछली बैठक की कार्यवाही का अनुमोदन किया गया तथा नवगठित कार्यकारिणी का औपचारिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। सदस्यों ने संस्था के सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
बैठक का मुख्य विषय बाबा बैद्यनाथ धाम मार्ग पर गुढ़ियारी (हरखाड़) स्थित असम धर्मशाला में आयोजित होने वाले 27वें निःशुल्क सेवा शिविर-2026 की तैयारियाँ रहीं। इस अवसर पर निर्णय लिया गया कि शिविर को पूर्व वर्षों की तुलना में अधिक भव्य, सुव्यवस्थित एवं सेवा-प्रधान स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए धर्मशाला परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन, मरम्मत तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाएगा। बैठक में वरिष्ठ सलाहकार रामअवतार सिखवाल को 27वें सेवा शिविर का संयोजक नियुक्त किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनका अभिनंदन करते हुए सफल संचालन के लिए शुभकामनाएँ दीं।
निर्णय के अनुसार यह सेवा शिविर 27 जुलाई 2026 से प्रारम्भ होकर संपूर्ण श्रावण मास तक संचालित रहेगा। शिविर में बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर पैदल यात्रा करने वाले हजारों कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क आवास, चिकित्सा सुविधा, मालिश सेवा, स्नानघर, शौचालय, शुद्ध पेयजल, नींबू पानी, नींबू चाय तथा भीगा हुआ काबुली चना सहित विभिन्न आवश्यक सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सेवा शिविर को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से सहयोग देने का संकल्प लिया तथा समाज के अधिकाधिक लोगों से इस पुनीत सेवा कार्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।
अंत में संस्था के सचिव शंकरलाल बिड़ला ने सभी उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समाज के सहयोग से 27वाँ निःशुल्क सेवा शिविर श्रद्धा, सेवा और संगठन का एक अनुकरणीय उदाहरण बनेगा तथा कांवड़ यात्रियों को सर्वोत्तम सुविधाएँ उपलब्ध कराएगा।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें