हरखाड़ (बांका)। बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा के संकल्प के साथ आसाम धर्मशाला, हरखाड़ (गुढ़ियारी नदी के समीप) में आयोजित 27वें निःशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर-2026 का सायंकाल श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में विधिवत शुभारंभ हुआ।
शिविर का उद्घाटन बिहार सरकार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत एवं हरखाड़ ग्राम के मुखिया प्रमोद मंडल ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा फीता काटकर किया।
अपने संबोधन में परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा, "माँ कामाख्या की पावन धरती असम से प्रत्येक वर्ष आकर पिछले 27 वर्षों से बाबा बैद्यनाथ के भक्तों की निःस्वार्थ भाव से सेवा करना अत्यंत प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय कार्य है। यह सेवा वास्तव में मानवता की सच्ची पूजा है। बाबा भोलेनाथ की असीम कृपा आप सभी सेवादारों एवं आयोजकों पर सदैव बनी रहे। भविष्य में यदि इस सेवा कार्य के लिए मेरी ओर से किसी भी प्रकार का सहयोग अपेक्षित हो तो निःसंकोच अवगत कराइए, मैं सदैव आपके साथ खड़ा रहूँगा।"
इस अवसर पर उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों ने आसाम धर्मशाला द्वारा विगत 27 वर्षों से निरंतर संचालित इस विशाल सेवा अभियान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे समाज सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
सेवा शिविर-2026 के संचालक राम अवतार सिखवाल ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, दानदाताओं एवं सेवादारों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि बाबा बैद्यनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा, सेवा और समर्पण का महायज्ञ है।
सह-संचालक माखन लाल अग्रवाल एवं संदीप शर्मा ने सभी अतिथियों का पारंपरिक असमिया गमछा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में आसाम धर्मशाला के अध्यक्ष सुशील गोयल ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किया तथा अपने संबोधन में सेवा, सहयोग और समाज के प्रति समर्पण की भावना को जीवन का सर्वोच्च आदर्श बताया।
कार्यक्रम का संचालन समिति के उपाध्यक्ष प्रदीप भुवालका ने किया। उन्होंने सभी आगंतुकों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सेवा शिविर को सफल बनाने में सभी के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर धर्मशाला के सलाहकार महेंद्र कुमार मित्तल, ऋषि गुप्ता, दीपचंद गर्ग, सह सचिव सूरज सिंघानिया, कार्यकारी सदस्य विकास जैन, भीष्म गुप्ता, प्रभाष अग्रवाल, संजय गुप्ता सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य, सेवादार एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आसाम धर्मशाला का यह निःशुल्क सेवा शिविर पूरे सावन माह तक निरंतर संचालित रहेगा। शिविर में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले हजारों कांवड़ियों के लिए विश्राम, चिकित्सा, पेयजल, नींबू चाय, नींबू शिकंजी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। विगत 27 वर्षों से निरंतर संचालित यह सेवा शिविर समाज सेवा, श्रद्धा और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बन चुका है।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें