गुवाहाटी। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में रविवार को प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता की उपस्थिति में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा के नीति, आदर्श और राष्ट्र निर्माण की अवधारणा से प्रभावित होकर थावरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुशांत बरगोहाईं, प्रदेश कांग्रेस की पूर्व महासचिव बर्नाली सैकिया बोरा, सचिव अमित अग्रवाल, सचिव जुबली पोद्दार वैश्य, मीडिया पैनलिस्ट मृगांक ज्योति बरुवा के साथ ही नेताओं के बड़ी संख्या में समर्थक भाजपा में शामिल हुए।
भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस के नेताओं का प्रदेश अध्यक्ष कलिता ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने नये नेताओं से पार्टी के नीति और आदर्शों का पालन करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नेतृत्वाधीन भाजपा की केंद्र सरकार और डॉ हिमंत बिस्व सरमा नेतृत्वाधीन भाजपा गठबंधन की राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि हमारी पार्टी का एक लक्ष्य एवं परिकल्पना है, इसके जरिए ही आज असम में भाजपा सरकार शासन कर रही है। असम में भाजपा को जनता का दूसरी बार आशीर्वाद मिला है। इसके लिए पार्टी राज्य की जनता का पूरी तरह से विकास करने के लिए राज्य सरकार के साथ डटकर खड़ी है।
भाजपा में शामिल होने वाले विधायक बरगोहाईं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में रहते हुए समाज तथा जनता के लिए काम करने का उपयुक्त अवसर नहीं मिल रहा था, जिसके लिए उन्होंने कांग्रेस को छोड़ने का मन बनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंदरूनी कलह से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि असम तथा असमिया की सुरक्षा और उन्नति के लिए निःस्वार्थ भाव से भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के नीति और आदर्शों को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री डॉ सरमा के नेतृत्व में राज्य सरकार के विकास कार्यों को राज्य की जनता तक पहुंचाने के लिए भी काम करेंगे।
उल्लेखनीय है कि नेताओं के पार्टी में शामिल होने से पूर्व असम चाय निगम के अध्यक्ष अमिय बोरा और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता तथा प्रवक्ता विश्वरूप भट्टाचार्य ने अगस्त माह के असमिया बीजेपी बार्ता पत्रिका का विमोचन किया। इस मौके पर भाजपा के सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा, उपाध्यक्ष पुलक गोहाईं, असम सरकार के मंत्री पीयूष हजारीका, थाउरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कुशल देवरी, असमिया बीजेपी बार्ता के संपादक डॉ देवदत्त बरकटकी एवं अन्य भाजपा नेता मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें