गुवाहाटी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी असम में हैं। यहां उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी को मंगलवार को गुवाहाटी के मुख्य सड़कों से होते हुए शहर में प्रवेश करने की इजाजत नहीं मिली। रास्ता रोके जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस के जवानों से भिड़ गए। नौबत झड़प होने तक आ गई। सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस अधिकारियों को राहुल गांधी के खिलाफ केस करने का आदेश दिया है।
मंगलवार को टकराव तब हुआ जब असम सरकार ने यात्रा को शहर से दूर रहने और गुवाहाटी बाईपास का इस्तेमाल कर आगे बढ़ने का निर्देश दिया। दूसरी ओर कांग्रेस नेता गुवाहाटी शहर आना और लोगों को संबोधित करना चाहते थे। पुलिस ने गुवाहाटी शहर में घुसने से रोकने रोका तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान कांग्रेस समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। कांग्रेस का झंडा लिए हुए लोगों ने पुलिस के जवानों के साथ हाथापाई की। बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की गई। इस दौरान राहुल गांधी दूर से देख रहे थे। इस घटना को लेकर राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "बजरंग दल और जेपी नड्डा की रैलियां इस मार्ग से हुई थीं, लेकिन वे हमें रोक रहे हैं। हम कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूत हैं। हमने बैरिकेड तोड़ दिए हैं लेकिन हम कानून नहीं तोड़ेंगे।"
दरअसल, कांग्रेस ने यात्रा के मध्य गुवाहाटी से गुजरने की योजना बनाई थी, लेकिन अधिकारियों ने यातायात बाधित होने और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताओं को देखते हुए रास्ता बदलने के लिए कहा। शहर के प्रवेश बिंदु खानापारा क्रॉसिंग पर कांग्रेस की यात्रा को पुलिस ने रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस समर्थकों और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई हुई।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मंगलवार को गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के बाद कथित तौर पर "भीड़ को उकसाने" के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें