रमेश मुन्दड़ा
होजाई: प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश पर भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की राज्यिक मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रक्षा निखिल खाड़से ने आज होजाई जिले का दौरा किया। जिला आयुक्त विद्युत विकास भगवती की अध्यक्षता में जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा सभा में मंत्री ने होजाई में चल रही विभिन्न केंद्रीय योजनाओं की प्रगति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।मंत्री रक्षा निखिल खाड़से ने सभा को संबोधित करते हुए जिले में केंद्रीय योजनाओं एवं परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर अत्यंत संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने होजाई जिला प्रशासन एवं सभी संबंधित विभागों की सक्रियता की सराहना की और धन्यवाद दिया। विशेष रूप से, उन्होंने एमएसएमई (MSME) योजनाओं तथा हितग्राहियों को बैंक ऋण प्राप्ति में आ रही जटिलताओं के निराकरण के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय एवं संबंधित मंत्रालयों को जानकारी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।मंत्री ने आगे कहा कि 1 फरवरी 2026 को पेश हुए बजट में प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय वित्त मंत्री ने उत्तर पूर्वांचल, विशेषकर असम के लिए उत्कृष्ट प्रावधान किए हैं। असम के लिए 49,725 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं, जो राज्य के समग्र विकास को गति प्रदान करेंगे।सभा में होजाई जिले के सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपनी योजनाओं की वर्तमान स्थिति, प्रगति, आगामी कार्ययोजना तथा चुनौतियों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। सभा के समापन पर मंत्री ने नवनिर्मित लामडिंग मिनी स्टेडियम, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (लामडिंग) तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बने गृहों का दौरा किया।







कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें