अंबुबाची मेले में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

अंबुबाची मेले में मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव आयोजित

 


17 वर्षीय कृति धानुका के नेतृत्व में चार स्थानों पर लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान


गुवाहाटी, विश्व प्रसिद्ध अंबुबाची महायोग के पावन अवसर पर सेवा और मानवता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए आज महानगर के चार विभिन्न स्थानों पर मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। इस विशेष अभियान का नेतृत्व वेल्हम गर्ल्स स्कूल की 17 वर्षीय छात्रा एवं युवा चेंजमेकर कृति धानुका ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने के इस महाअभियान में भागीदारी निभाई।

वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. अशोक धानुका की पौत्री तथा डॉ. घनश्याम धानुका एवं स्वाति धानुका की पुत्री कृति धानुका ने कहा कि अंबुवासी महायोग केवल साधना का ही नहीं, बल्कि सेवा का भी महापर्व है। ऐसे पावन अवसर पर रक्तदान के माध्यम से मानवता की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. दिनेश अग्रवाल के नेतृत्व में छत्रीबाड़ी स्थित परशुराम सेवा सदन, सोनापुर स्थित मेफेयर स्प्रिंग वैली रिसोर्ट, भांगागढ़ स्थित जीएमसीएच ब्लड बैंक तथा पलाशबाड़ी स्थित मां मनसा इंडस्ट्रीज में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में मारवाड़ी हॉस्पिटल्स एवं जीएमसीएच ब्लड बैंक से आई विशेषज्ञ टीमों ने रक्त संग्रहण का कार्य किया।

कृति धानुका ने कहा कि अंबुबाची महायोग के दौरान जहां एक ओर साधु-संत और श्रद्धालु आध्यात्मिक साधना में लीन हैं, वहीं दूसरी ओर समाजसेवा के विभिन्न कार्य भी निरंतर जारी हैं। इसी सेवा भावना को नई दिशा देते हुए आयोजित इस मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव को लोगों का उत्साहपूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ।

कृति धानुका ने कहा कि रक्त की एक यूनिट कई लोगों का जीवन बचाने में सहायक हो सकती है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने, महज 17 वर्ष की कम उम्र में कृति धानुका द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। इन चारों स्थानों में आयोजित शिविरों में स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तदाता एवं शिविर का सफल संचालन करने में सहयोग एवं मार्गदर्शन देने वाले सभी के प्रति कृति धानुका ने ह्रदय से आभार व्यक्त किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें