गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) मुख्य़ालय, मालीगांव में शुक्रवार को मजदूर यूनियन की ओर से अपनी मांगों के समर्थन में धरना व प्रदर्शन किया गया। मांगों में ट्रेड अपरेंटिस प्रशिक्षण में सफल युवक-युवतियों की रेलवे में नियुक्ति, रेलवे के विभिन्न कोऑपरेटिव व इंस्टिट्यूट में अस्थाई रूप से काम करने वाले युवक-युवतियों की नियुक्ति और नई पेंशन नीति रद्द कर पुरानी पेंशन नीति लागू करने, विभिन्न सरकारी संस्था में नियुक्ति बंद करने के भाजपा सरकार के फैसले का विरोध शामिल था।
यूनियन के नेताओं का कहना था कि, वर्तमान में जब लाखों शिक्षित युवक-युवती बेरोजगार हैं, ऐसे समय में रेलवे विभाग ने नई नियुक्तियों को रोक दिया है। जिसके कारण बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने की उम्मीद भी अब खत्म हो गई है। पहले ट्रेड अपरेंटिस परीक्षा में उत्तीर्ण युवक-युवती को रेलवे में नौकरी देने का नियम था, लेकिन वर्तमान में रेलवे में पांच सौ से अधिक और देश भर में पच्चीस हज़ार से भी अधिक युवक युवती हैं, जो ट्रेड अपरेंटिस प्रशिक्षित हैं, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं मिल रही है।
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन ने शुक्रवार को उनकी नियुक्ति की मांग को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया। मजदूर यूनियन ने मालीगांव पूसीरे के मुख्यालय के सामने धरना प्रदर्शन करते हुए अतिशीघ्र ट्रेड अपरेंटिसों को नियुक्ति देने और रेलवे के विभिन्न विभागों में अस्थाई रूप से काम करने वाले युवक-युवतियों को नियुक्ति देने के साथ ही नई पेंशन नीति को रद्द कर पुरानी व्यवस्था को बहाल करने की मांग को लेकर रेलवे अधिकारियों के जरिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन को एक ज्ञापन प्रेषित किया। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें