गुवाहाटी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से शनिवार को होली धमाल नामक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फैंसी बाजार के एमएस रोड स्थित महावीर स्थल परिसर को इस मौके पर भव्य रूप से सजाया गया। होली धमाल नामक सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन उद्योगपति कैलाश लोहिया, गौशाला के अध्यक्ष आरजी हरलालका, ट्रस्ट के अध्यक्ष रामावतार अग्रवाला, कार्यक्रम संयोजक अजय पोद्दार, कोषाध्यक्ष भूपसिंह बंसल, संयुक्त कोषाध्यक्ष सागरमल बुड़ाकिया, सह-संयोजक मदन गर्ग व महेश झुरिया सहित अन्य गणमान्य लोगों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की वंदना कर किया गया। तत्पश्चात राजस्थान के नोखा जिले से आई सोनू जोशी एंड पार्टी, सुजागनगढ़ से आस्था म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने पारंपरिक राजस्थानी गृत व नृत्य से सभी को झूमने पर विवश कर दिया। आमंत्रित कलाकारों ने ऐसा समा बांधा कि वहां उपस्थित सभी समाजबंधुओं के जहन में धरती धोरा री की याद ताजा हो गई। चंगों की थाप पर नृत्यांगनाओं ने राजस्थानी लोक नृत्य का बेजोड़ प्रदर्शन किया, जिसे देख उपस्थित लोग भी झूम उठे। कार्यक्रम संयोजक श्री पोद्दार ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के शुभारंभ में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उपस्थित सभी समाजबंधुओं को होली की शुभकामनाएं दी। आमंत्रित सभी अतिथियों का अबीर-गुलाल से तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की उपस्थित देखी गई। जिसमें महिलाएं व बच्चे भी शामिल थे। इस दौरान स्वरुचि भोज का भी सभी ने लुत्फ उठाया। आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के सभी पदाधिकारी व सदस्य का भरपूर सहयोग रहा।




कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें