गुवाहाटी। राज्यवासियों का आह्वान करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने कहाकि असम में फिर से कांग्रेस को सत्ता सौंप कर विकास के रास्ते पर पुनः राज्य को आगे ले जाना होगा। ये बातें रविवार को असम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला में राज्यवासियों का आह्वान करते हुए कही।
शुक्ला ने कहाकि यह विधानसभा (विस) चुनाव दशा और दिशा दोनों बदलने वाला है। सर्वानंद सोनोवाल सरकार को हटाने का सुअवसर राज्यवासियों के सामने आया है। भाजपा ने राज्यवासियों को अनेक आश्वासन दिए थे लेकिन एक भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहाकि पहली बार कांग्रेस की गारंटी की बातें मोदी के मुंह से निकली हैं। कांग्रेस सरकार बनने के 24 घंटाें के अंदर आश्वासन को पूरा करने का कांग्रेस के पास इतिहास है। असम में भी कांग्रेस बनने के बाद पांच गारंटी को लागू किया जाएगा।
देश में पेट्रोल व डीजल की कीमत कभी भी नहीं बढ़ा था, जितना मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान हुआ है। उन्होंने सवालिया लहजे में पूछा कि एक लीटर पेट्रोल का दाम 40 रुपये करने का आश्वासन मोदी सरकार ने दिया था, क्या उन्होंने किया। साथ ही उन्होंने कहाकि चावल, दाल, गेहूं आदि सभी सामानों का दाम बढ़ गया है, अपने भाषणों में मोदी कभी भी पेट्रोल व डीजल के दामों को लेकर कोई बात नहीं कहते हैं।
साथ ही कहाकि नरेन्द्र मोदी ने देश को नहीं बेचने की बात कहकर आज देश की सभी सपंत्ति को बेचना आरंभ कर दिया है। ऐसा होने पर सरकार के हाथ में देश की कोई भी संपत्ति नहीं रहेगी। केंद्र सरकार ओएनजीसी को भी बेचने की बाट देख रही है। मोदी सरकार जो कहती है, उसे नहीं करती, जो नहीं कहती है, उसे जरूर करती है।
उन्होंने कहाकि भाजपा ने एक वर्ष में दो करोड़ नौकरी देने की बात कही थी, इसके तहत सात वर्ष में 14 करोड़ लोगों को नौकरी मिलनी चाहिए थी लेकिन ढाई करोड़ लोगों की नौकरी चली गयी। सोनोवाल सरकार ने एक वर्ष में 25 हजार नौकरी देने का आश्वासन दिया था लेकिन पांच वर्ष में 80 हजार लोगों को नौकरी मिली है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शुक्ला ने कहाकि सोनोवाल सरकार के कार्यकाल में कुछ भी विकास नहीं हुआ। जो कुछ हुआ वह कांग्रेस के शासनकाल में हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कार्यकाल में काफी विकास हुआ था। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार ने तरुण गोगोई को पुरस्कार दिया दूसरी ओर कहाकि कांग्रेस ने विकास नहीं किया।
इस मौके पर एआईसीसी के प्रवक्ता गौरव भल्ला, असम प्रदेश कांग्रेस की मीडिया प्रभारी बबीता शर्मा समेत अन्य कई नेता मौजूद थे।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें