एशिया के अमीर कारोबारियों की सूची में तीसरे स्थान पर खिसके गौतम अडाणी - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

एशिया के अमीर कारोबारियों की सूची में तीसरे स्थान पर खिसके गौतम अडाणी

 


नई दिल्ली। शेयर बाजार में लगे दो दिन के झटके ने अडाणी ग्रुप के मालिक गौतम अडाणी को अमीरी के मामले में एशिया महाद्वीप में दूसरे से तीसरे स्थान पर पहुंचा दिया है। गौतम अडाणी पिछले ही सप्ताह चीन के कारोबारी झौंग शानशान को पीछे छोड़ कर एशिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी बने थे। 


वर्ल्ड रैंकिंग में भी गौतम अडाणी 13वें नंबर पर काबिज रिलायंस ग्रुप के मुकेश अंबानी के ठीक बाद 14वें नंबर पर आ गए थे लेकिन 2 दिन से लगातार शेयर मार्केट में अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयर के भाव गिरने के कारण गौतम अडाणी वर्ल्ड रैंकिंग में भी झौंग शानशान से पिछड़ गए हैं। अब वर्ल्ड रैंकिंग में मुकेश अंबानी के बाद 14वें नंबर पर झौंग शानशान आ गए हैं, जबकि गौतम अडाणी 15 नंबर पर खिसक गए हैं। 


इसी तरह एशिया के सबसे अमीर कारोबारियों की सूची में 75.8 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ मुकेश अंबानी पहले स्थान पर काबिज हैं जबकि गौतम दूसरे स्थान से फिसलकर तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और तीसरे स्थान पर रहे झौंग शानशान दूसरे स्थान पर आ गए हैं। 


ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक शेयर बाजार के झटके के कारण मंगलवार को गौतम अडाणी के नेटवर्थ में 1.83 अरब डॉलर की कमी आ गई है। इसकी वजह से उनका कुल नेटवर्थ अब 68.4 अरब डॉलर हो गया है। वहीं झौंग शानशान के नेटवर्थ में मंगलवार को 2.46 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। इससे उनका कुल नेटवर्थ 71 अरब डॉलर का हो गया है। इस तरह एशिया के सबसे अमीर कारोबारियों की सूची में झौंग शानशान एक बार फिर मुकेश अंबानी और गौतम अडाणी के बीच में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। 


उल्लेखनीय है कि भारतीय शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन आज भी अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में गिरावट का दौर जारी था। अडाणी ट्रांसमिशन, अडाणी ग्रीन एनर्जी और अडाणी पावर के शेयर आज लगातार लाल निशान में कारोबार करते रहे। हालांकि अडाणी टोटल गैस, अडाणी पोर्ट और अडाणी एंटरप्राइज के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार करते रहे, लेकिन अडाणी ग्रुप के शेयरों में आज ओवरऑल कमजोरी बनी हुई थी। 


ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के आंकड़ों के अनुसार वर्ल्ड रैंकिंग में अमेजॉन के जेफ बेजॉस 189 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी बने हुए हैं। वहीं फ्रांसीसी कारोबारी बर्नार्ड अरनॉल्ट 168 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ दूसरे स्थान पर और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क 167 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर आ गए हैं। अमीर कारोबारियों की सूची में माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स चौथे स्थान पर और फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग पांचवें स्थान पर हैं। इस सूची में मुकेश अंबानी 13वें और गौतम अडाणी 15वें स्थान पर हैं। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें

Narendra Soni
Click or tap on the image to maximize
Rock n Dhol
Click or tap on the image to maximize
Rise Plus
Click or tap on the image to maximize
Live Telecast
Click or tap on the image to maximize
WhatsApp
Click or tap on the image to maximize
× Enlarged Image ```