शिवसागर (असम)। शिवसागर जिला की गौरीसागर पुलिस ने शनिवार तड़के 104 टिन लाली गुड़ (गीला गुड़) जब्त किया है । पुलिस ने बताया है कि होजाई जिला के लंका से एक बोलेरो पिकअप वैन (एएस-02सीसी-5814) के जरिए भारी मात्रा में लाली गुड़ भेजा जा रहा था।
पुलिस ने गौरीसागर थानांतर्गत फुलपानीसिगा में वाहन को रोकने का इशारा किया। चालक ने पुलिस के निर्देश की परवाह किये बगैर वाहन लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने वाहन का पीछा करते हुए उसे जराधरा गांव में पकड़ लिया। जब्त वाहन से पुलिस ने 104 टिन देसी शराब बनाने के लिए लाया गया लाली गुड़ बरामद कर चालक और खलाशी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार चालक जाहिदुल अली और खलासी रहमत अली से फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में ऊपरी असम के गोलाघाट और जोरहाट जिलों में देसी शराब पीकर कई चाय बागानों के 150 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। उसके बाद सरकार ने लाली गुड़ पर रोक लगा दी है।





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें