गुवाहाटी। गुवाहाटी के बाहर से आने वाले समाज बंधु एवं स्थानीय समाज बंधुओ की जरूरत को देखते हुए छत्रीबाडी स्थित परशुराम सेवा सदन (ब्राह्मण भवन) के चौथे तल्ले में श्री मारवाड़ी ब्राह्मण सभा ट्रस्ट के सौजन्य से अन्नपूर्णा रसोई का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कथा व्यास ब्रह्मचारी श्री शिवेंद्र स्वरूप जी महाराज, ब्राह्मण सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं विप्र फाउंडेशन के संस्थापक संरक्षक रतन शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर फीता खोलकर अन्नपूर्णा रसोई का उद्घाटन किया। इससे पहले रसोई घर में विधिवत गैस चूल्हा स्थापित कर पूजन की गई। उद्घाटन के अवसर पर ब्राह्मण सभा ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भंवरलाल पुरोहित, विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार शर्मा (पत्रकार), भाजपा के राज्य कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा (सोती), हिंदी भाषी विकास परिषद के चेयरमैन जुगल किशोर पांडे, स्वागत मंत्री शिवकुमार पारीक, विप्र फाउंडेशन के प्रांतीय सांस्कृतिक सलाहकार संपत मिश्र, पारीक सभा के अध्यक्ष मदन पारीक, खांडल विप्र महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष शिव भगवान नवहाल,दाधीच परिषद के अध्यक्ष शिवकुमार मिश्र उपस्थित थे। पंडित अंजनी लाटा ने संपूर्ण पूजा विधि को संपन्न कराया। उद्घाटन के अवसर पर बोलते हुए व्यास गुरु ब्रह्मचारी शिवेंद्र स्वरूप जी ने कहा कि श्रावण मास के पावन पर्व में अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ होना बहुत ही महत्व रखता है। क्योंकि अन्नपूर्णा ने स्वयं भगवान महादेव को भोजन भिक्षा दी थी। शास्त्र में अन्न को बहुत महत्वपूर्ण बताया गया है। अन्न सेवा एक महत्वपूर्ण सेवा मानी जाती है। मगर लागत मूल्य से भी कम मूल्य में भोजन उपलब्ध कराना एक प्रशंसनीय कार्य है। धर्म हमारी तभी रक्षा करेगा जब हम धर्म को संरक्षित करेंगे।सर्व ब्राह्मण एकत्रित होकर ब्रह्म तत्व का संरक्षण करें तो यह एक अच्छा उदाहरण होगा।ब्राह्मण सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष रतन शर्मा ने कहा कि एक समय था जब ब्राह्मण भवन में निचले तबके के लोग ही रहा करते थे। मगर आज ब्राह्मण समाज की छह शाखाओं की एक जुटता के कारण ब्राह्मण भवन को परशुराम सेवा सदन के रूप में विकसित कर आधुनिक बना दिया है। आज सभी बड़े आयोजनों के लिए परशुराम सेवा सदन को ही लोग चयन करते हैं। इस भवन के प्रांगण में समाज के सभी वर्ग व बाहर से आए समाज बंधुओ के लिए लागत से भी कम मूल्य में भोजन के लिए अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ किया गया है। जो अनवरत चलता रहेगा। इसके अलावा भविष्य में अधिक संख्यक लोगों के लिए अन्न क्षेत्र खोलने पर भी कार्य शुरू किया जाएगा। श्री शर्मा ने ब्राह्मण समाज से आह्वान करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज की छः शाखाएं एकजुट होकर इस ब्राह्मण भवन की छत के नीचे रहकर समाज के लिए काम करके आगे बढ़े। कार्यक्रम का संचालन दिनेश पारीक ने किया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें