महिलाओं को सशक्त करने की आवश्यकता है: शीतल सोमानी
असम। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, असम प्रदेश की ओर से आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में रोहा में एक नई शाखा का गठन किया गया। यह इस सत्र (2024-2026) की दूसरी नई शाखा है, जिसका शुभारंभ प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती शीतल सोमानी और प्रांतीय सचिव श्रीमती निशा काबरा की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस गठन में प्रांतीय समिति की सशक्तिकरण सह प्रमुख श्रीमती ज्योति सुरेखा तथा सरूपथार शाखा की सचिव श्रीमती दीपिका सहल का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान शाखा के पदाधिकारियों की घोषणा की गई, जिसमें श्रीमती नीतू शर्मा को शाखा अध्यक्ष, श्रीमती सुमन प्रजापत को शाखा सचिव तथा श्रीमती सविता अग्रवाल को शाखा कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नई नियुक्तियों को प्रांतीय अध्यक्ष, सचिव और सशक्तिकरण सह प्रमुख द्वारा पारंपरिक दुपट्टा, फुलाम गमछा और बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती शीतल सोमानी ने पूरे असम प्रदेश को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई प्रेषित की।
प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती शीतल सोमानी ने बताया की 1983 में स्थापित अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, देशभर में महिला सशक्तिकरण, बाल विकास, पर्यावरण संरक्षण, अंगदान, नेत्रदान, रक्तदान, चर्मदान, बुज़ुर्ग सेवा, आंचलिक संस्कृति का संरक्षण, जीव सेवा और ई-वेस्ट संग्रह जैसे अनेक सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। वर्तमान में असम प्रांत में कुल 40 शाखाएं क्रियाशील हैं।
श्रीमती शीतल सोमानी ने आगे कहा कि वर्तमान सत्र 2024-2026 में सम्मेलन का लक्ष्य है कि देश के कोने-कोने में, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहाँ महिला संगठन नहीं हैं, वहाँ शाखाएं स्थापित कर महिलाओं को जागरूक किया जाए और उन्हें सामाजिक कार्यों में भागीदारी हेतु प्रेरित किया जाए।
इस सत्र में सम्मेलन द्वारा एक नया प्रकल्प *लब जिहाद* पर भी कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसे समाज की सुरक्षा और जागरूकता के लिए एक आवश्यक कदम के रूप में देखा जा रहा है।
सम्मेलन से जुड़कर महिलाएं सामाजिक गतिविधियों में न केवल भाग ले रही हैं, बल्कि स्वतंत्रता और आत्मविश्वास के साथ समाज सेवा में अपना अमूल्य योगदान भी दे रही हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें