रमेश मुन्दंडा
होजाई: राज्य से तकरीबन 1000 से ज्यादा ज्येष्ठ नागरिक, असम ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के 11 वें वार्षिक मध्यकालीन अधिवेशन में अंश ग्रहण करेंगे, उक्त एकदिवसीय अधिवेशन का आयोजन आगामी 24 जनवरी 2026 (शनिवार) को होजाई में किया जाएगा। उक्त जानकारी अधिवेशन के स्वागत समिति के सचिव अनूप कुमार बरठाकुर ने आज संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहीं। इस दौरान संवाददाता सम्मेलन में स्वागत समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ समसूल हक, सक्रिय सदस्य उमाशंकर गोस्वामी भी उपस्थित थे। बारठाकुर ने बताया यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इतने बड़े स्तर पर ऐसा अधिवेशन, होजाई में पहली बार होने जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी की अधिवेशन के साथ तालमेल रखते हुए असम सरकार के सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग द्वारा उसी दिन सुबह 7 बजे से ज्येष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं औषधि वितरण शिविर का आयोजन होजाई कन्या महाविद्यालय के बी-ब्लॉक में किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चिकित्सा सेवा प्रदान की जाएगी। जिले के सभी 50+ वर्ष से ऊपर के ज्येष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि वे शिविर में उपस्थित होकर निःशुल्क सेवा का लाभ उठाएं। वही स्वागत समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि होजाई के नया बाजार स्थित साहित्यरथी बेजबरुआ भवन में दोपहर 2 बजे से शुरू होने वाले मुख्य सत्र में असम ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के अध्यक्ष बेणेश्वर खाऊड अध्यक्षता करेगें। जिसमें असम के कैबिनेट मंत्री पीयुष हाजरिका मुख्यातिथि के रूप में, कर्बी-आंग्लोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रंहांगदेव विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा असम ज्येष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ठाकुरिया निर्दिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। होजाई जिले के जिला आयुक्त विद्युत विकास भागवती खुली सभा का उद्घाटन करेंगे। वहीं, रवींद्रनाथ ठाकुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मानबेंद्र दत्त चौधुरी, काजीरंगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग, असम के सचिव पल्लव गोपाल झा, आईएएस, होजाई के विधायक रामकृष्ण घोष, लामडिंग के विधायक शिबू मिश्रा सम्मानित अतिथि के रूप में अधिवेशन में उपस्थित रहेंगे। इस दौरान असम ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन के प्रधान सचिव प्रसन्न कुमार बरठाकुर भी उपस्थित रहेंगे। अनूप कुमार बरठाकुर ने यह भी जानकारी दी कि अधिवेशन के दौरान एक स्मारिका "बियोली वैभव" का भी विमोचन होगा। ज्येष्ठ नागरिक सम्मेलन होजाई के सभी सदस्यों ने होजाईवासीयो से उक्त अधिवेशन में पूर्ण सहयोग का विनम्र निवेदन किया है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें