बरपेटा रोड, होली की रंगत और फाल्गुनी उल्लास के बीच जेसीआई बरपेटा रोड ने अपना 10वां शपथ ग्रहण समारोह “उत्कर्ष – कल के लिए आज का संकल्प” होली थीम पर अत्यंत भव्य एवं रंगारंग रूप में आयोजित किया। श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी के पावन प्रांगण में आयोजित इस समारोह में समाज के प्रबुद्ध गणमान्यजन, अभिभावकगण एवं सदस्य रंग-बिरंगे परिधानों में उपस्थित होकर आयोजन को उत्सवमय बना रहे थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने की। उनके गरिमामय नेतृत्व में समारोह का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में जोन अध्यक्ष जेसी सुमित पोद्दार एवं विशिष्ट अतिथि जोन उपाध्यक्ष जेसी मानवी अग्रवाल , कार्यक्रम संयोजिका जेसी मुस्कान जैन, सचिव जेसी आयुषी केडिया, निवर्तमान अध्यक्ष जेसी स्नेहा खेमका एवं कोषाध्यक्ष जेसी आशा सराफ मंच पर उपस्थित रहे। ज़ोन डायरेक्टर मैनेजमेंट जेसी कोमल जैन साथ ही जेसीआई गुवहाटी इग्नाइट के अध्यक्ष जेसी विवेक अग्रवाल एवं सचिव शेखर जाजोदिया भी अतिथि रूप में उपस्थित रहे, जिनका जेसीआई बरपेटा रोड द्वारा अभिनंदन किया गया।
समाजबंधुओं एवं पदाधिकारीयों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। जेसी स्वीटी सराफ द्वारा जेसीआई की आस्थाओं एवं उद्देश्यों का वाचन किया गया।
इसके पश्चात अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने अपने कार्यकाल का प्रभावशाली अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा प्रोजेक्टर के माध्यम से अपने कार्यकाल में किए गए विविध सामाजिक प्रकल्पों एवं गतिविधियों की झलक दिखाई, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सराहा। उन्होंने पूरे सत्र में टीम भावना एवं सेवा कार्यों की उपलब्धियों को रेखांकित किया। तत्पश्चात उत्कृष्ट कार्य करने वाले संयोजकों एवं सदस्यों को अध्यक्षीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
इसके उपरांत नवीन अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया को सत्र 2026 की अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष जेसी राधिका मोर ने उन्हें विधिवत शपथ दिलाई तथा कॉलर एवं गेवेल प्रदान कर पदभार हस्तांतरित किया।
नवगठित कार्यकारिणी में निवर्तमान अध्यक्ष जेसी राधिका मोर, सचिव जेसी आशा सराफ, कोषाध्यक्ष जेसी रितिका चौधरी, उपाध्यक्ष जेसी मुस्कान जैन, जेसी निशा खेमका, जेसी स्वाति पटवारी, जेसी दिव्या सराफ, जेसी गुंजन शर्मा, जेसी स्वीटी सराफ तथा निदेशक पद पर जेसी पूजा दुधोरिया, जेसी रेखा अग्रवाल, जेसी अतुल तुलस्यान एवं जेसी सुमित दुधोरिया को नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया ने शपथ दिलाई। साथ ही तीन नए सदस्यों — जेसी विजेता जैन, जेसी स्नेहा बैंगाणी एवं जेसी पायल जैन — को भी ज़ोन प्रेसिडेंट जेसी सुमित पोद्दार ने शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण उपरांत अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया ने अपने प्रेरणादायी स्वीकृति भाषण में संस्था के 9 वर्षों की गौरवमयी यात्रा को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसमें प्रभावशाली सामाजिक प्रकल्पों एवं उपलब्धियों की झलक दिखाई गई। इसी क्रम में 9 वर्षों की अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष द्वारा एक-एक कर दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जो संगठन की निरंतरता, समर्पण और सेवा परंपरा का प्रतीक बना। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “जेसीआई केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन की शक्ति है, और हम सब मिलकर समाज के लिए नए आयाम स्थापित करेंगे।”
मुख्य अतिथि जेसी सुमित पोद्दार एवं विशिष्ट अतिथि जेसी मानवी अग्रवाल ने अपने संबोधन में संस्था की कार्यशैली, अनुशासन एवं सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार एवं समाज के सहयोग और सदस्यों की एकजुटता से ही संस्था निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है।
वरिष्ठ समाजसेवी श्री श्रीधर शर्मा, श्री भैरु शर्मा, श्री अनिल बैंगाणी एवं श्री दीपक बैंगाणी ने भी अपने प्रेरक विचार व्यक्त किए तथा संस्था के कार्यक्रम एवं प्रकल्पों की सराहना की।
इस अवसर पर जोन अध्यक्ष जेसी सुमित पोद्दार द्वारा हाल ही में ज़ोन ट्रेनर बनीं जेसी ममता बांठिया को ज़ोन ट्रेनर प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निवर्तमान अध्यक्ष जेसी राधिका मोर एवं नव-निर्वाचित अध्यक्ष जेसी आयुषी केडिया के परिवार वालों को भी सम्मानित किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष जेसी राधिका मोर को भावभीनी विदाई दी गई, जिससे वातावरण भावनाओं से सराबोर हो उठा।
कार्यक्रम का सफल संचालन जेसी पूजा दुधोरिया एवं जेसी रेखा अग्रवाल ने किया तथा सचिव जेसी आशा सराफ ने आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ औपचारिक समारोह का समापन हुआ।
समारोह के उपरांत होली चंग समिति के सदस्यों द्वारा पारंपरिक चंग धमाल की रंगारंग प्रस्तुति दी गई। राजस्थानी होली गीतों की मधुर स्वर लहरियों पर सभी सदस्य झूम उठे और सामूहिक नृत्य के साथ होली के आगमन का उल्लासपूर्ण स्वागत किया।
रंग, नेतृत्व, सेवा और संस्कारों के सुंदर समन्वय के साथ यह 10वां शपथ ग्रहण समारोह “उत्कर्ष” के संकल्प को साकार करता हुआ एक अविस्मरणीय एवं ऐतिहासिक आयोजन बन गया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें