टाउन डेली मार्केट का नाम स्व. नन्दकिशोर महेश्वरी के नाम से जाना जायेगा - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

Snakiy Makhana (Adv.)

टाउन डेली मार्केट का नाम स्व. नन्दकिशोर महेश्वरी के नाम से जाना जायेगा




लखीमपुर से ओमप्रकाश तिवारी ओर राजेश राठी     


लखीमपुर, स्थानीय समाज और मारवाड़ी समाज की साझा पहल से लखीमपुर की सांस्कृतिक पहचान को एक नई दिशा मिली है। प्रख्यात नाट्यकार, साहित्यकार, लेखक एवं समाजसेवी स्व. नन्दकिशोर महेश्वरी की पुण्य स्मृति में टाउन डेली मार्केट भवन का नाम नन्दकिशोर महेश्वरी टाउन डेली मार्केट रखा गया। आज इस भवन की आधारशिला स्थानीय विधायक  मानव डेका द्वारा विधिवत रूप से रखी गई।


इस अवसर पर नगर पालिका के कार्यकारी अधिकारी एवं चेयरमैन, जिला उपायुक्त, जिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिलाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम पूरे गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।


स्व. नन्दकिशोर महेश्वरी लखीमपुर की सांस्कृतिक चेतना के प्रमुख स्तंभ रहे। उन्होंने अपनी अद्वितीय कला-दृष्टि और दूरदर्शी सोच से नगर को कई ऐसी स्थापत्य कृतियाँ दीं, जो आज लखीमपुर की पहचान बन चुकी हैं। कमलाबाड़ी रोड स्थित कुलुमाली नामघर, नौका के स्वरूप में निर्मित गणेश मंदिर (पार्क सहित), शिवलिंग आकार का शिव मंदिर, सरोवर के मध्य स्थित दुर्गा मंदिर, विशाल परिसर वाला हनुमान मंदिर तथा गौगामुख मंदिर उनके सृजनात्मक कौशल के जीवंत उदाहरण हैं।


विशेष उल्लेखनीय है कि इन सभी निर्माणों की वास्तुशिल्पीय संकल्पना स्वयं स्व. महेश्वरी द्वारा की गई थी, जिसके कारण ये स्थल आज श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण बने हुए हैं। वे एक सक्रिय पत्रकार भी थे तथा लखीमपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद पर रहते हुए पत्रकारिता को नई दिशा दी।


शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान अविस्मरणीय रहा। लखीमपुर हिंदी हाई स्कूल के विकास हेतु किए गए उनके प्रयास आज भी समाज के स्मृति-पटल पर अंकित हैं। उन्हें असम की सांस्कृतिक परंपरा के अग्रदूत ज्योतिप्रसाद अग्रवाला की परंपरा का प्रतिनिधि माना जाता है।


उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा स्व. नन्दकिशोर महेश्वरी साहित्य पुरस्कार की घोषणा की गई है, जो द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन में साहित्य एवं सांस्कृतिक समन्वय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साहित्यकार को प्रदान किया जाता है।


स्थानीय समाज द्वारा दिए गए प्रस्ताव पर डेली मार्केट भवन का नामकरण स्व. नन्दकिशोर महेश्वरी के नाम पर किया जाना, उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। यह न केवल मारवाड़ी समाज बल्कि समूचे लखीमपुर के लिए गौरव का विषय है। यह भवन आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान, दूरदृष्टि और समाजसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें