डिब्रूगढ़ से ज्योति खाखलिया
डिब्रूगढ़, डिब्रूगढ़ प्रेस क्लब (डीपीसी) अपने स्थायी कार्यालय परिसर की तरफ कदम बढ़ा रहा है। जालान नगर साउथ स्थित परित्यक्त जालान नगर साउथ टी एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड की चाय बागान भूमि पर अत्याधुनिक प्रेस क्लब भवन का निर्माण प्रस्तावित है। डीपीसी अध्यक्ष मानस ज्योति दत्त ने जानकारी दी कि प्रस्तावित भवन की आधारशिला मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा रखेंगे। यह महत्वपूर्ण पहल असम सरकार की स्वीकृति और जालान चाय बागान प्रबंधन द्वारा 3 कठा 9 लेसा भूमि औपचारिक रूप से डिब्रूगढ़ प्रेस क्लब के नाम हस्तांतरित किए जाने के बाद संभव हो सकी है। यह भूमि डिब्रूगढ़ पश्चिम राजस्व चक्र के मानकटा खनिकर मौजा में स्थित है। डीपीसी ने इसके लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से लंबे समय से चली आ रही स्थायी भवन की मांग पूरी हुई।
साथ ही जालान चाय कंपनी के प्रबंध निदेशक मृगेंद्र जालान और मृत्युंजय जालान, जालान नगर साउथ टी एस्टेट के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा श्रमिकों को भी विशेष धन्यवाद दिया गया, जिन्होंने संगठन के हित में यह भूमि दान की। डीपीसी अध्यक्ष मानस ज्योति दत्त ने बताया कि प्रस्तावित परिसर को आधुनिक, पूर्ण सुसज्जित मीडिया सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। इसमें प्रशासनिक कार्यालय के अलावा अत्याधुनिक ऑडियो विजुअल सुविधाओं से युक्त सम्मेलन एवं सेमिनार हॉल, डिजिटल न्यूजरूम,पत्रकारों के लिए को-वर्किंग स्पेस, हाई स्पीड इंटरनेट, मीडिया रिसोर्स सेंटर, शोध एवं अभिलेखागार तथा नवोदित व कार्यरत पत्रकारों के लिए विशेष प्रशिक्षण कक्ष शामिल होंगे। उत्तरी असम की पत्रकारिता के इतिहास को संरक्षित करने के उद्देश्य से एक प्रदर्शनी-संग्रहालय की भी योजना है, जहां दुर्लभ फोटो, दस्तावेज और स्मृतिचिन्ह संजोए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रेस ब्रीफिंग कक्ष, सदस्य लाउंज, डाइनिंग हॉल, अतिथि पत्रकारों व विशिष्ट अतिथियों के लिए अतिथि कक्ष, विश्राम व फिटनेस केंद्र, पर्याप्त पार्किंग और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
पर्यावरण-संवेदनशील डिजाइन के तहत प्राकृतिक प्रकाश और वायु संचार की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मानस ज्योति दत्त ने यह भी बताया कि निर्माण और संचालन दोनों चरणों में चाय बागान श्रमिक समुदाय के सदस्यों को रोजगार देने का प्रयास किया जाएगा, जिससे समावेशी विकास और समाज से जुड़ाव सुनिश्चित हो सके। असम की दूसरी राजधानी के रूप में पहचान बनाने वाले डिब्रूगढ़ जैसे रणनीतिक शहर में एक सशक्त और सुव्यवस्थित प्रेस क्लब लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थागत पत्रकारिता को मजबूती देगा।









कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें