लखीमपुर में बाबा रामदेव की पावन पदयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

लखीमपुर में बाबा रामदेव की पावन पदयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब



करीब 500 पदयात्री जयघोष के साथ नलकट्टा बाईपास स्थित मंदिर पहुंचे; ज्योत, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन


लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की संयुक्त रिपोर्ट


लखीमपुर, लखीमपुर में कलियुग अवतारी बाबा रामदेव जी महाराज के प्रति श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा रविवार को देखने को मिला। बाबा रामदेव पदयात्रा संघ, लखीमपुर के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ नलकट्टा बाईपास श्री रामदेव बाबा मंदिर पदयात्रा में करीब 500 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति एवं सेवा की भावना के साथ पदयात्रा में सहभागिता की।

पदयात्रा का शुभारंभ स्थानीय श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी मंदिर प्रांगण से हुआ। यात्रा शुरू होने से पूर्व ठाकुरबाड़ी मंदिर में बाबा रामदेव जी महाराज की पावन ज्योत एवं आरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने बाबा की पावन ध्वजा हाथों में उठाई और “कलियुग अवतारी बाबा रामदेव जी महाराज की जय” के गगनभेदी जयघोष के साथ नलकट्टा बाईपास स्थित श्री रामदेव बाबा मंदिर के लिए पदयात्रा प्रारंभ की।

भक्तिमय जयघोष और बाबा के भजनों के बीच आगे बढ़ती पदयात्रा से पूरा मार्ग श्रद्धा एवं भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूरे उत्साह के साथ पदयात्रा पूरी की।

नलकट्टा बाईपास स्थित श्री रामदेव बाबा मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी महाराज की पावन ज्योत एवं आरती में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही चतुर्थ पदयात्रा का भक्तिमय वातावरण में विधिवत समापन हुआ।


20 सितंबर को गोगामुख के लिए 40 किलोमीटर की पदयात्रा

बाबा रामदेव पदयात्रा संघ की धार्मिक पदयात्राओं की श्रृंखला का अगला पड़ाव 20 सितंबर 2026 को होगा। इस दिन नवम श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर, गोगामुख पदयात्रा आयोजित की जाएगी। लगभग 40 किलोमीटर लंबी यह पदयात्रा लखीमपुर के श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर धेमाजी जिले के गोगामुख स्थित श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर तक पहुंचेगी।

20 सितंबर को पदयात्रा के शुभारंभ से पूर्व श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी मंदिर में बाबा रामदेव जी महाराज की पावन ज्योत एवं आरती होगी। इसके पश्चात श्रद्धालु बाबा की पावन ध्वजा हाथों में लेकर बाबा रामदेव जी महाराज एवं संकटमोचन हनुमान जी महाराज के गगनभेदी जयघोष के साथ गोगामुख के लिए प्रस्थान करेंगे।

लंबी दूरी की इस पदयात्रा को सुचारु, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए संघ की ओर से मार्ग में विश्राम स्थल, शुद्ध पेयजल, अल्पाहार, भोजन, चाय एवं चिकित्सा सेवा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

बाबा रामदेव पदयात्रा संघ के कार्यक्रम संयोजक मनोज भारद्वाज और सह-संयोजक अनुराग चांडक ने 20 सितंबर की गोगामुख पदयात्रा में शामिल होने वाले सभी श्रद्धालुओं से समय रहते अपना पंजीकरण कराने का विशेष अनुरोध किया है। आयोजकों ने बताया कि पदयात्रियों की संख्या के अनुरूप पेयजल, अल्पाहार, भोजन, विश्राम एवं चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पंजीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है।

संघ ने बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों सहित सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया है कि जो भी भक्त 20 सितंबर की इस पावन पदयात्रा में सहभागी बनना चाहते हैं, वे अग्रिम रूप से अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि यात्रा के दौरान प्रत्येक पदयात्री के लिए आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जा सके।

आयोजकों ने कहा कि बाबा रामदेव जी महाराज की यह पदयात्रा केवल कदमों की यात्रा नहीं, बल्कि श्रद्धा से सेवा तक, संकल्प से समर्पण तक और भक्त से भगवान तक पहुंचने का एक पावन मार्ग है। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर भक्ति, सेवा और समर्पण की इस अखंड परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बाबा रामदेव पदयात्रा संघ ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से स्थानीय श्री श्री सीतारामजी ठाकुरबाड़ी मंदिर प्रांगण में 12 से 21 सितंबर तक प्रतिदिन रात्रि 8:30 बजे आयोजित पावन ज्योत एवं आरती में सहभागी बनने तथा 20 सितंबर की गोगामुख पदयात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक परंपरा को और मजबूत बनाने का आह्वान किया है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें