एल.ओ.जी. हिंदी हाई स्कूल में नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

एल.ओ.जी. हिंदी हाई स्कूल में नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन



अभिभावक साधारण सभा में वर्तमान समिति के कार्यों की सराहना, विद्यालय के विकास पर जताई प्रसन्नता


गुवाहाटी, लालचंद ओंकारमल गोयनका (एल.ओ.जी.) हिंदी हाई स्कूल में नई विद्यालय प्रबंधन समिति के गठन को लेकर अभिभावक साधारण सभा का आयोजन किया गया। सभा में विद्यालय के शैक्षणिक विकास, विद्यार्थियों के हित तथा विद्यालय में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।


अभिभावक साधारण सभा की अध्यक्षता श्री नजमुल हुडा ने की, जबकि संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विद्यानाथ झा ने किया। सभा में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार और सुझाव रखे।


इस अवसर पर अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में लगातार किए जा रहे विकास कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल रहा है। विद्यालय में हो रहे सकारात्मक बदलावों तथा विकास की दिशा में उठाए जा रहे कदमों पर अभिभावकों ने संतोष व्यक्त करते हुए वर्तमान समिति के प्रयासों की प्रशंसा की।


सभा के दौरान अभिभावक साधारण सभा द्वारा नई विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया। इसमें श्री सुभाष चंद्र कयाल को अध्यक्ष, श्री पंकज जालान को उपाध्यक्ष तथा श्री विद्यानाथ झा को सचिव चुना गया।


नवगठित समिति में अभिभावक सदस्यों के रूप में श्री नजमुल हुडा, श्रीमती रानी चौधरी, श्रीमती अर्चना तिवारी, श्रीमती सीता देवी पंजीयर, श्रीमती रिंकू सिंह, श्रीमती राजमति देवी, श्रीमती किरण तिवारी, श्रीमती मीरा देवी, श्रीमती पिंकी देवी, श्रीमती सोनी देवी, श्रीमती एम. वेंकट लक्ष्मी तथा श्रीमती पूजा देवी सहित अन्य अभिभावकों को शामिल किया गया।


नई समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विद्यालय के सर्वांगीण विकास, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। सभा में यह विश्वास भी व्यक्त किया गया कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और अभिभावक आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ विद्यालय को शिक्षा और संस्कार का उत्कृष्ट केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करेंगे।


सभा के समापन पर प्रधानाचार्य विद्यानाथ झा ने सभी अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया और विद्यालय के विकास में उनके निरंतर सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय की प्रगति में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें