सोयल खेतान, रोहा।
रोहा निवासी पूर्व आसू नेता एवं नौगांव जिला असम सेना के आह्वायक मिंटु कुमार रॉय (राजेश) के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन के शोक में रोहा के व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे।
रोहा पुरानी चारिआली निवासी पूर्व आसू नेता, नौगांव जिला असम सेना के आह्वायक, युवा समाजसेवी एवं व्यवसायी मिंटु कुमार रॉय (राजेश) पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्हें गुवाहाटी स्थित जीएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां आज दोपहर 49 वर्ष की आयु में उन्होंने अंतिम सांस ली।
रोहा पुरानी चारिआली दुर्गा पूजा उद्यापन समिति के सांस्कृतिक सचिव तथा विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों से जुड़े रहकर सेवा प्रदान करने वाले राजेश रॉय के निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। शाम 5 बजे उनके पार्थिव शरीर को गुवाहाटी से रोहा स्थित उनके निवास पर लाया गया। इसके बाद विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के प्रतिनिधियों तथा सैकड़ों शुभचिंतकों ने उनके निवास पर पहुंचकर अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजेश रॉय के निधन पर रोहा आंचलिक आसू, तिवा छात्र संघ, असम सेना, मध्य असम कोच राजवंशी छात्र संघ, अजायुछाप, रोहा पुरानी चारिआली दुर्गोत्सव समिति, रोहा शाखा साहित्य सभा, रोहा बेंगुली समाज, रोहा वोहागी मेला, मानव अधिकार संग्राम समिति, रोहा व्यवसाय संघ, रोहा पत्रकार संघ, मारवाड़ी समाज, अकनिर कविता घर सहित विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया। संगठनों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक-संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
उनके निधन के शोक में शाम 4 बजे से रोहा के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
राजेश रॉय अपने पीछे पत्नी, पुत्र और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें