करीब 80 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य परामर्श और निःशुल्क आयुर्वेदिक औषधियों का लाभ
गुवाहाटी। अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी मेट्रो की ओर से आठगांव गौशाला परिसर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श एवं आयुर्वेदिक औषधियों का लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान लायन डॉ. ओ.पी. गुप्ता ने आयुर्वेद के महत्व और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल रोगों के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम और शरीर एवं मन के संतुलन पर भी विशेष जोर देता है। उन्होंने लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों को अपनाने तथा खान-पान और दिनचर्या के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
शिविर में जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सकीय परामर्श एवं औषधि वितरण की व्यवस्था की गई। करीब 80 मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। चिकित्सकीय परामर्श के साथ मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सुझाव भी दिए गए।
कार्यक्रम की चेयरपर्सन सुषमा गुप्ता एवं प्रभा कोठारी रहीं। इस अवसर पर लायन डॉ. ओ.पी. गुप्ता, सुषमा गुप्ता, राजेश अग्रवाला, डॉ. महेंद्र जैन, योजना हरलालका एवं सोनल अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के माध्यम से समाज में आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा प्राकृतिक एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल को प्रोत्साहित करना था।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी मेट्रो ने शिविर के आयोजन में सहयोग के लिए आठगांव गौशाला प्रबंधन, चिकित्सकीय टीम, क्लब सदस्यों एवं मेट्रो परिवार के सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें