रोहा में श्रीमद्भागवत शोभायात्रा के साथ 578वां श्रीमंत शंकरदेव महोत्सव शुरू - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

रोहा में श्रीमद्भागवत शोभायात्रा के साथ 578वां श्रीमंत शंकरदेव महोत्सव शुरू



100 श्रद्धालुओं ने किया पौधरोपण, तीन दिवसीय आयोजन में दिहानाम, चित्रांकन और अंकिया भाउना प्रतियोगिताएं होंगी


रिपोर्ट: सोयल खेतान, रोहा


रोहा। रोहा स्थित सार्वजनिक श्रीमंत शंकरदेव नामघर परिसर में सोमवार को महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव की 578वीं आविर्भाव जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हुआ। श्रीमंत शंकरदेव नामघर संचालन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में 78वें उत्सव आयोजन समिति का सहयोग मिल रहा है।


महोत्सव के पहले दिन सुबह प्रसंग और नामघोषा पाठ के बाद नामघर संचालन समिति के अध्यक्ष हिरेन बोरा ने धर्मध्वजा फहराई। इसके बाद ‘एक वृक्ष, दस पुत्र समान’ कार्यक्रम के तहत 100 श्रद्धालुओं ने पौधरोपण किया।


इसके पश्चात नामघर परिसर से श्रीमद्भागवत को सिर पर धारण कर श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा निकाली। उत्सव आयोजन समिति के कार्यकारी अध्यक्ष मृणाल कुमार दास ने शोभायात्रा का उद्घाटन किया। हरिनाम संकीर्तन और श्रीमंत शंकरदेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।


महोत्सव के पहले दिन अपराह्न तीन बजे ‘एआई, इंस्टाग्राम और फेसबुक के दौर में नई पीढ़ी की दृष्टि में जगद्गुरु श्रीमंत शंकरदेव’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम छह बजे समाजसेवी स्वर्गीय मृदुल मेधी की स्मृति में अविभाजित नौगांव जिला स्तरीय दिहानाम प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को नकद राशि और पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक शशिकांत दास करेंगे। रोहा सह-जिला आयुक्त डॉ. अंकिता बोरा मुख्य अतिथि और नौगांव जिला भाजपा अध्यक्ष सुवर्ण सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


20 अक्टूबर को चित्रांकन और अंकिया भाउना प्रतियोगिता

महोत्सव के दूसरे दिन सुबह 10 बजे चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित होगी। दोपहर एक बजे स्वर्गीय डिम्बेश्वर दास स्मृति मंच पर अविभाजित नौगांव जिला स्तरीय श्रीमंत शंकरदेव रचित अंकिया भाउना प्रतियोगिता होगी। विजेताओं को नकद राशि और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।


नवनिर्वाचित सांसद एवं पूर्व नौगांव जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी स्वर्गीय मृदुल मेधी के पुत्र मूनू मेधी करेंगे। शाम सात बजे युवा पत्रकार एवं श्रीमंत शंकरदेव के जीवन-दर्शन की गहरी समझ रखने वाली युवा वक्ता एंजिला सांग्मा कार्यक्रम में शामिल होंगी। मत्स्य विभाग के संचालक गौरीशंकर दास विशिष्ट अतिथि रहेंगे।


21 अक्टूबर को भाउना मंचन और सम्मान समारोह

महोत्सव के अंतिम दिन सुबह प्रसंग के बाद नई पीढ़ी के युवा श्रीमंत शंकरदेव रचित दशम शास्त्र का पाठ करेंगे। दोपहर दो बजे माईनाराम डेका स्मृति मंच पर पारंपरिक दिन भाउना का मंचन होगा। इसका उद्घाटन जी.एम. इलेक्ट्रॉनिक्स के स्वामी एवं युवा समाजसेवी गौतम डेका करेंगे। पूर्व उपमहापरीक्षक श्यामल सैकिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


रात सात बजे उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मनज्योति बोरा की अध्यक्षता में स्मृति ग्रंथ विमोचन, पुरस्कार वितरण और सम्मान समारोह आयोजित होगा। स्मृति ग्रंथ का विमोचन रोहा हायर सेकेंडरी विद्यालय की पूर्व प्राचार्या विजया गोगोई करेंगी। रात आठ बजे स्वर्गीय कालिकांत हाजरिका सांस्कृतिक मंच पर शंकरी सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जिसका उद्घाटन युवा समाजसेवी उत्पल वनिया करेंगे।


आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से तीन दिवसीय महोत्सव में शामिल होकर कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाने की अपील की है।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें

Narendra Soni
Click or tap on the image to maximize
Reengineer Your Life
Click or tap on the image to maximize
Rise Plus
Click or tap on the image to maximize
Live Telecast
Click or tap on the image to maximize
WhatsApp
Click or tap on the image to maximize
× Enlarged Image ```