राजस्थानी फूड स्टॉल को मिला ‘बेस्ट फूड स्टॉल अवॉर्ड’
शिलांग। मेघालय की राजधानी शिलांग स्थित ऑल सेंट्स हॉल में आयोजित भव्य ‘मेघालय टुगेदर–द यूनिटी फेस्ट’ में राजस्थान की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और खान-पान का शानदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मेघालय के राज्यपाल विजय शंकर ने किया।
‘एकता में विविधता’ की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस समारोह में मेघालय में निवास करने वाले विभिन्न समुदायों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में विभिन्न समुदायों की संस्कृति, परंपराओं, खान-पान, कला और विरासत को एक साझा मंच पर प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, मेघालय प्रदेश ने राजस्थान का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करते हुए विशेष राजस्थानी फूड स्टॉल लगाया। स्टॉल पर दाल-बाटी, बाजरे की खिचड़ी सहित विभिन्न पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों के माध्यम से राजस्थान के विशिष्ट खान-पान और स्वाद की झलक प्रस्तुत की गई। पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में सदस्यों की उपस्थिति ने भी आयोजन में राजस्थान की सांस्कृतिक छटा को और आकर्षक बना दिया।
सिल्की बजाज की अध्यक्षता में कोषाध्यक्ष नीतू शर्मा तथा मेघालय प्रदेश की विभिन्न शाखाओं की सदस्यों ने पूरे उत्साह, समर्पण और टीम भावना के साथ आयोजन में भाग लिया। सदस्यों के सामूहिक प्रयास और आकर्षक प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित गायन प्रतियोगिता में गुड़ी शर्मा एवं हेमलता शर्मा ने प्रसिद्ध राजस्थानी गीत ‘खम्मा घणी’ की मनमोहक प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और राजस्थानी लोक संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
राजस्थानी फूड स्टॉल को समारोह में ‘बेस्ट फूड स्टॉल अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि को अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, मेघालय प्रदेश की सदस्यों ने अपनी सामूहिक मेहनत, एकजुटता, समर्पण और टीम भावना का परिणाम बताया।
समिति की ओर से कहा गया कि मेघालय की धरती पर राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और खान-पान को प्रस्तुत करने का अवसर पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय रहा। साथ ही, विभिन्न समुदायों को एक मंच पर लाकर ‘एकता में विविधता’ की भावना को साकार करने के लिए आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, मेघालय प्रदेश ने इस शानदार उपलब्धि के लिए सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में राजस्थान की संस्कृति और राजस्थानी स्वाद के साथ मेघालय की सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला।






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें