उत्तरी बुलेट ट्रेन गलियारे के गुवाहाटी तक विस्तार पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने जताई खुशी
गुवाहाटी। प्रस्तावित उत्तरी बुलेट ट्रेन गलियारे को सिलीगुड़ी से आगे गुवाहाटी तक विस्तारित किए जाने के निर्णय का असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि परियोजना के मूर्त रूप लेने के बाद गुवाहाटी और दिल्ली के बीच रेल यात्रा आठ घंटे से भी कम समय में पूरी होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने इसे असम समेत पूरे पूर्वोत्तर की देश के अन्य हिस्सों से तेज और बेहतर संपर्क व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने सामाजिक माध्यम ‘एक्स’ पर जारी संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि उत्तरी बुलेट ट्रेन गलियारे को प्रारंभ में सिलीगुड़ी तक विकसित किए जाने की योजना थी। जुलाई में रेल मंत्री को लिखे पत्र तथा उनसे हुई मुलाकात के दौरान उन्होंने गुवाहाटी को भी इस परियोजना से जोड़ने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, रेल मंत्री ने प्रस्ताव की उपयोगिता को स्वीकार करते हुए गलियारे के पूर्वोत्तर तक विस्तार को मंजूरी दी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली को सिलीगुड़ी के रास्ते गुवाहाटी से जोड़ने वाले उत्तरी बुलेट ट्रेन गलियारे की स्वीकृति की घोषणा की है। इस परियोजना को उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के प्रमुख शहरों के बीच तेज रेल संपर्क विकसित करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम नई तकनीक आधारित उद्योगों के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ऐसे में दिल्ली और देश के अन्य प्रमुख शहरों से तेज एवं बेहतर रेल संपर्क मिलने से व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन ढांचा राज्य के आर्थिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सरमा ने कहा कि एक समय असम तक बुलेट ट्रेन पहुंचने की कल्पना भी दूर की बात लगती थी। ऐसे में गुवाहाटी को प्रस्तावित गलियारे से जोड़ने का निर्णय राज्य के लिए भविष्य की नई संभावनाओं का द्वार खोलने वाला है।
हालांकि, गुवाहाटी-दिल्ली की यात्रा आठ घंटे से कम होने का अनुमान प्रस्तावित बुलेट ट्रेन सेवा की संभावित गति और मार्ग पर आधारित है। परियोजना की विस्तृत लागत, निर्माण पूरा होने की समयसीमा और यात्री सेवा शुरू होने की तिथि की आधिकारिक घोषणा अभी अपेक्षित है। वास्तविक यात्रा अवधि और परिचालन समय-सारिणी परियोजना के विस्तृत स्वरूप के सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।



.png)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें