शोकसभा से लौटते समय हुआ हादसा, एक ही घर से उठीं दो अर्थियां; मातम में डूबा लखीमपुर शहर
लखीमपुर से राजेश राठी और ओमप्रकाश तिवाड़ी की रिपोर्ट
लखीमपुर, लखीमपुर जिले के एक परिवार पर रविवार देर रात ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा, जिसने पूरे शहर को गहरे शोक में डुबो दिया। गोगामुख क्षेत्र में हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे लखीमपुर शहर में शोक और संवेदना का माहौल व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीमपुर निवासी संजय शाह, उनकी पत्नी गायत्री शाह, छोटे भाई रंजू शाह तथा छोटी बहन आभा तोदी मरियानी से अपने घर लखीमपुर लौट रहे थे। बताया गया है कि रंजू शाह के ससुराल पक्ष में एक पारिवारिक सदस्य के निधन के बाद वे शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने और दुख में सहभागी बनने मरियानी गए थे। वहीं से लौटते समय उनकी इको वैन (पंजीकृत संख्या AS-07 X-3821) गोगामुख क्षेत्र के सुवनसिरी कॉलेज के समीप अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में संजय शाह की पत्नी गायत्री शाह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल संजय शाह को तत्काल उपचार हेतु लखीमपुर स्थित N.C. Das Superspeciality Hospital ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं वाहन चला रहे रंजू शाह और उनकी बहन आभा तोदी को चोटें आई हैं, जिनका उपचार जारी बताया जा रहा है। घटना रविवार रात्रि लगभग 11 बजे की बताई जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने शाह परिवार को पूरी तरह झकझोर कर रख दिया है। पति-पत्नी की एक साथ असमय मौत से उनके बुजुर्ग माता-पिता, परिजनों तथा दो मासूम बेटियों का करुण क्रंदन देखकर उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गईं। सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों दिवंगतों का अंतिम संस्कार लखीमपुर के बांटोगांव स्थित महाप्रयाण क्षेत्र में किया गया। सबसे मार्मिक दृश्य उस समय देखने को मिला जब एक ही घर के आंगन से पति-पत्नी की दो अर्थियां एक साथ निकलीं। यह दृश्य देख पूरा इलाका गमगीन हो उठा और हर आंख नम हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल एक परिवार की खुशियां छीन लीं, बल्कि पूरे लखीमपुर शहर को शोक की गहरी लहर में डुबो दिया।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें