आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का परीक्षण, आग बुझाने और घायलों को बचाने का किया गया अभ्यास
लखीमपुर। संभावित विदेशी हवाई हमले की स्थिति में सुरक्षा तैयारियों को परखने और आम जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को लखीमपुर जिला मुख्यालय स्थित सार्वजनिक बस अड्डे एवं आसपास के क्षेत्रों में आपातकालीन मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक आयोजित की गई।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय, असम सरकार के गृह एवं राजनीतिक विभाग तथा नागरिक सुरक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार लखीमपुर जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह अभ्यास किया गया।
शाम 5 बजकर 1 मिनट पर खतरे का सायरन बजते ही पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट लागू किया गया। लोगों ने अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर दीं। इसके बाद हवाई हमले से उत्पन्न संभावित परिस्थितियों से निपटने, आग बुझाने, घायलों को सुरक्षित निकालने और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया गया।
शाम 5 बजे से 5 बजकर 35 मिनट तक चले इस मॉक ड्रिल में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, चिकित्सा विभाग, पुलिस और नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस दौरान लखीमपुर के जिला आयुक्त प्रणवजीत काकोती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुनिन्द्र डेका तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने भी इस सुरक्षा अभ्यास में प्रशासन को पूरा सहयोग दिया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, सतर्कता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय का प्रदर्शन किया गया।




.png)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें