9 नंबर वार्ड नागरिक समिति की सभा आयोजित - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

9 नंबर वार्ड नागरिक समिति की सभा आयोजित


गुवाहाटी। पान बाजार पुलिस थाना के अंतर्गत 9 नंबर वार्ड के नागरिकों के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से गठित नागरिक समिति की एक सभा सांगानेरिया धर्मशाला प्रांगण में आयोजित हुई। जिसमें मुख्य रूप से गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने संबोधित किया। दीपक कुमार ने पुलिस प्रशासन और नागरिकों का आपसी व्यवहार और संबंध को सहयोगात्मक बनाने की अपील की। उन्होंने पुलिस के पास सीमित संसाधनों का जिक्र करते हुए कहा कि नागरिकों की सुरक्षा करना पुलिस का प्रथम दायित्व बनता है। अगर आप सुरक्षित नहीं है तो आप को काफी दिक्कतों का सामना पड़ सकता है। गुवाहाटी में 10 लाख नागरिकों के बीच 30 हजार पुलिसकर्मी कार्यरत है। अतः हर गली नुक्कड़ पर जाकर सुरक्षा मुहैया कराना पुलिस के लिए तब असंभव हो जाता है जब नागरिकों का सहयोग उन्हें नहीं मिल पाता। इसलिए स्थानीय प्रशासन के साथ पुलिस प्रशासन और नागरिकों की हर वार्ड में सभाएं आयोजित करके उन्हें जागरूक किया जाता है। नागरिकों की कई समस्याएं पुलिस प्रशासन तक नहीं पहुंच पाती कारण जब तक जरूरत नहीं होती नागरिक थाने नहीं पहुंचते। वह आपस में समझौता करके समस्या को लटका लेते हैं। लेकिन यह तरीका गलत है। थाना आप की सुरक्षा के लिए बनाया जाता है। जब चाहे थाने में आकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। पुलिस कमिश्नर ने आगे बोलते हुए कहा कि गुवाहाटी की समस्याएं अन्य शहरों की अपेक्षा काफी कम और छोटी-छोटी है। इनमें नशे का बाजार, मोबाइल चोर, दुपहिया वाहन चोर आदि आते हैं। आज पुलिस की परिस्थिति यह है कि 30 हजार केस को 140 पुलिस ऑफिसर देखते हैं। पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा के मानकों पर बोलते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरे लगाने से 95% समस्या सुलझ जाती है। अपने घर या आसपास में सीसीटीवी कैमरे का प्रयोग ज्यादा से ज्यादा करे। कैमरे को सिर्फ अपने घर तक ही सीमित न रखकर बाहरी क्षेत्रों के लिए भी उपयोग करें तो आसपास होने वाली गलत गतिविधियों की जानकारी भी सीसीटीवी कैमरे के द्वारा मिल सकती है। व्यापारियों को संबोधित करते हुए पुलिस कमिश्नर ने कहा कि दुकानों के कर्मचारियों का सत्यापन कराना बहुत जरूरी है। सत्यापन के अभाव में कर्मचारी जब कोई घटना को अंजाम देता है तो उसे पकड़ पाना असंभव हो जाता है। कारण गलत लोग गुवाहाटी महानगर में अपराध कर के नजदीक के जिले बक्सा, नलबाड़ी के घने जंगलों मैं बसे गांवों में जाकर आराम से बैठ जाते हैं। जिन्हें ढूंढ पाना पुलिस के लिए एक पहेली बन जाता है। यातायात जाम की समस्या पर बोलते हुए पुलिस कमिश्नर ने लोगों से कहा कि फैंसी बाजार स्थित पुरानी जेल परिसर में अगर व्यापारी अपनी गाड़ियां दिन भर के लिए खड़ी करते हैं तो काफी हद तक सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। सभा में नागरिक समिति की ओर से श्री प्रकाश गोयनका ने कहा कि फैंसी बाजार के 2 नंबर, 3 नंबर, 4 नंबर, 5 नंबर रेल गेट तक रेल पटरी के किनारे किनारे अवस्थित झुग्गी झोपड़ियों में छोटे छोटे अपराध पनपते हैं। अगर स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नागरिक समिति मिलकर रेल विभाग को इस समस्या से अवगत कराएं और उन्हें कोई कदम उठाने को मजबूर करें तो अपराध की आधी समस्या स्वत ही सुलझ जाएगी। निर्मल शर्मा (कालू) ने कहां की रेल की पटरियों के किनारे बसे झुग्गी झोपड़ी ही अपराध का प्रमुख कारण है। नागरिकों द्वारा काफी आपत्ति करने के बावजूद भी इस समस्या का हल ढूंढा नहीं जा रहा है। सभा में नरेश पिंचा ने आग बुझाने की नई तकनीकी के बारे में बताते हुए आग बुझाने का गोला प्रदर्शन कर समझाया कि आग का तापमान मिलते ही गोला स्वत ही फट कर अपने अंदर छिपी गैस से आग पर काबू पा लेगा। सभा में पान बाजार थाने में स्थित स्पेशल वूमेन सेल की भावना दास ने कहा कि हमारी संस्था सामाजिक रूप से महिला उत्पीड़न व बाल हिंसा के रोकथाम के लिए काम करती है। महिलाओं को कानूनी मदद दिलाना और बाल हिंसा ग्रित बच्चों को पुनः स्थापित करना ही हमारा काम है। नागरिक सभा की अध्यक्षता नागरिक समिति के अध्यक्ष पवन सीकरीया ने की। इस अवसर पर मंच पर पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के अलावा सेंट्रल जोन के डीसीपी धर्मेंद्र दास, सर्किल ऑफिसर दामोदर बर्मन उपस्थित थे। सभा में एसीपी पहाड़ी कुंवर फैंसी बाजार थाना प्रभारी पार्थ प्रतिम महंत के अलावा नागरिक समिति के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। समिति के विशाल भातरा ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें