गुवाहाटी। कोरोना महामारी के चलते देश में पिछले 70 दिनों से बंद धार्मिक स्थलों को खोलने के संकेत केंद्र सरकार के निर्देश के बाद दिखाई देने लगे हैं। केंद्र सरकार के दिशा निर्देश के तहत होटल, रेस्टूरेंट तथा धार्मिक स्थानों को खोलने की अनुमति मिल चुकी है। आगामी आठ जून से देश के विभिन्न स्थानों पर दर्शनार्थियों के लिए मठ-मंदिरों के साथ ही अन्य धार्मिक स्थलों को खोलने की अनुमित दी गई है। हालांकि 30 जून तक गुवाहाटी के नीलाचल पहाड़ पर स्थित शक्ति पीठ कामाख्या धाम को बंद रखने का कामाख्या देवालय ने निर्णय लिया है।
मंदिर परिचालन समिति ने बताया है कि जुलाई माह के पहले सप्ताह में कामाख्या धाम को भक्तों के लिए खोला जाएगा। 21 जून से 26 जून तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक अंबुवासी मेले के मद्देनजर कामाख्या धाम परिचालन समिति ने यह निर्णय लिया है। अंबुवासी मेले में देश व विदेशों से 10 लाख से अधिक श्रद्धालु प्रतिवर्ष हिस्सा लेने के लिए पहुंचते हैं।
सूत्रों के अनुसार इस बार अंबुवासी मेले का आयोजन अंबुवासी मेला आयोजन कमेटी धार्मिक नियमों के तहत किया जाएगा। मेले के दौरान लोगों की भीड़ न जुटे इसको देखते हुए जून माह में मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए नहीं खोला जाएगा।
मंदिर परिचालन समिति ने बताया कि लॉकडाउन के दौरान पिछले दो माह से बंद मंदिर के कारण यहां के आर्थिक संकट की स्थिति भी उत्पन्न हुई है। मंदिर के कर्मचारियों व पुरोहितों के सामने समस्या उत्पन्न हो गई है।
उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन के दौरान कामाखअया देवालय से जुड़े कर्मचारियों और पुरोहितों की सहायता कामाख्या परिचालन समिति करती आ रही है। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें