जयपुर। राजस्थान रोडवेज की बसें बुधवार से प्रदेश के सभी 33 जिलों में शुरू हो जाएगी। इसके लिए रोडवेज मुख्यालय ने चुनिंदा 100 मार्ग तय किए हैं। कोरोना के कारण रोडवेज ने इस बार ऑनलाइन बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए कैशबैक स्कीम शुरु की है। इसके तहत रोडवेज की बसों में ऑनलाइन टिकट बुक कराने पर यात्री को 5 प्रतिशत राशि कैशबैक के रूप में मिलेगी।
रोडवेज के जनसंपर्क अधिकारी सुधीर भाटी ने बताया कि प्रबंध निदेशक नवीन जैन की मौजूदगी में मुख्यालय पर जोनल मैनेजरों के साथ हुई बैठक में फीडबैक के आधार पर राज्य के कफ्र्यूग्रस्त इलाकों को छोडक़र सभी 33 जिलों में रोडवेज बसों का संचालन शुरु करने का फैसला किया जा चुका है। इसके लिए प्रारम्भिक चरण में सौ मार्ग चिह्नित किए गए हैं। इसमें मुख्य रूप से यह देखा गया कि सभी जिला मुख्यालय से जयपुर तथा मुख्य शहरों को आपस में जोड़ा जाएं। इस बात का भी ध्यान रखा गया है कि वर्तमान में श्रमिकों, छात्रों, पर्यटन, मंदिरों तथा अन्य पवित्र स्थानों के लिए मूवमेन्ट नगण्य होने के कारण ऐसे रूट्स पर बसें संचालित नहीं की जाएगी, जहां यात्रीभार नहीं हो। रोडवेज की बसों का संचालन जनता की मांग के आधार पर चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 3 जून से लगभग 100 नए मार्गों तथा आगामी सप्ताह में लगभग 200 मार्ग खोलकर बसें चलाई जाएगी। 10 जून के बाद स्थिति की समीक्षा कर नए रूट जोड़े जाएंगे। 2 जून को शाम 4 बजे से चिह्नित मार्गों पर सभी यात्री अपने सफर के लिए ऑनलाईन बुकिंग प्रारम्भ कर सकेंगे। यात्री टिकट बस स्टैण्ड के काउंटर तथा बस में परिचालक के माध्यम से भी ले सकेंगे, लेकिन इसमें कैश बैक नहीं मिलेगा।
रोडवेज बसों में कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी उपाय व सावधानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बस में स्वीकृत बैठक क्षमता से अधिक यात्री नहीं बिठाने, थर्मल स्क्रीनिंग के बाद बस स्टैण्ड में प्रवेश देने, पूछताछ व टिकट बुकिंग पर बैठने वाले कार्मिकों को फेस शील्ड तथा बस में कैश लेन-देन करने वाले परिचालक को वॉशेवल ग्लब्स व मास्क अनिवार्य रूप से पहनने होंगे। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें