डिब्रूगढ़। छठा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस असम में भी रविवार को मनाया गया। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने इस अवसर पर असम के लोगों का अभिवादन करते हुए रविवार को डिब्रूगढ़ में अपने निवास पर सामाजिक दूरी का पालन करते हुए योग दिवस मनाया। मुख्यमंत्री सोनोवाल ने अन्य दो विधायकों प्रशांत फुकन और ऋतुपर्ण बरुवा के साथ योग में भाग लिया।
लोगों से योग का अभ्यास करने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि कोरोना महामारी के मद्देनजर हर व्यक्ति को घर पर योग करके और अपने परिवार के साथ दिन का जश्न मनाना चाहिए, ताकि घर में रहते हुए अपने स्वास्थ्य को योग के जरिए बेहतर किया जा सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग के आह्वान का उल्लेख करते हुए सोनोवाल ने कहा कि योग से शरीर की इम्यूनिटी मजबूत होती है। इम्यूनिटी अगर मजबूत होगी तो हमारा शरीर कोरोना सहित अन्य बीमारियों से लड़ने के लिए सक्षम रहेगा। उन्होंने कहा, योग किसी भी धर्म से जुड़ा नहीं है। यह मन, शरीर और आत्मा की भलाई, युवावस्था और सहज एकीकरण का विज्ञान है। यह मानवता के लिए सद्भाव और शांति को दर्शाता है, जो दुनिया को योग का संदेश है।
मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के एकमात्र प्रयासों के कारण ही योग को स्वस्थ शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने के रूप में यूएनओ ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दिया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि योग के निहित गुणों को देखते हुए, एकता के माहौल को बढ़ाने के लिए सामुदायिक स्तर पर इसका व्यापक रूप से अभ्यास किया जाना चाहिए। सोनोवाल ने कहा कि अगर योग किया जाता है तो भारत से दुनिया भर में मानवता के लिए यह एक महान उपहार होगा। आयुष निदेशालय द्वारा जिला प्रशासन डिब्रूगढ़ के सहयोग से योग सत्र का आयोजन किया गया। (हि.स.)










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें