मोरीगांव। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य असम के प्रत्येक परिवार को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक रूप से सबल बनाना है।
मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने सोमवार को मोरीगांव जिला के गांधीभवन मैदान में आयोजित एक विशाल चुनावी रैली में भाग लिया। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवारों को तिवा स्वायशासी परिषद के सर्वांगीण विकास के हित में वोट देकर शानदार जीत हासिल करने का आह्वान किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कामगांव के मिकीराती मैदान में आयोजित अन्य एक चुनावी बैठक में भी हिस्सा लिया।
चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेतृत्वाधीन गठबंधन सरकार लोगों के विश्वास पर बनी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सभी जाति, जनजाति और सभी धर्मों के लोगों की उन्नति के लिए काम कर रही है। भाजपा सरकार पिछले चार साल से असम में रहने वाली सभी जनजातियों की सभ्यता, संस्कृति, विरासत को संरक्षित करने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों में भाजपा शासन के दौरान असम की विभिन्न जाति-जनजाति समूह को राज्य सरकार से दर्जा मिला तथा उन्होंने सभी परियोजनाओं का लाभ भी उठाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कांग्रेस की तरह खराब राजनीति नहीं करती है। भाजपा ने कभी भी भ्रष्टाचार की राजनीति नहीं की है। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवारों को वोट देने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा तिवा समुदाय के लोगों से मिलकर इस व्यापक क्षेत्र में रहने वाले विभिन्न जन समुदाय के लोगों की भलाई तथा उन्नति के लिए काम करेगी। साथ ही भाजपा सरकार आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में रहने वाले प्रत्येक परिवार को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की व्यवस्था करेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीबों के घरों में मुफ्त चावल, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, स्कूल में नामांकन, यूनिफॉर्म, छात्रावास के लिए लागत का वहन किया है। विभिन्न परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य असम के प्रत्येक परिवार को सामाजिक मर्यादा तथा सुरक्षा और आर्थिक रूप से सबल करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार ने तिवा समुदाय के गोभा राजाओं को सामाजिक दर्जा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। विभिन्न क्षेत्रों में वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा है कि अगले साल गोभा राजाओं को एक लाख की वित्तीय सहायता दी जाएगी। जोनबिल मेले का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में राज्य सरकार द्वारा सम्मान के साथ मेले का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा सरकार आने वाले समय में जोनबिल मेला को दुनिया के आकर्षक मेले में से एक बनाने का काम कर रही है।
चुनावी जनसभा में स्वास्थ्य राज्य मंत्री पीयूष हजारिका, मोरीगांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रमाकांत देवरी, सांसद हरेन बे, प्रदेश भाजपा के सांगठनिक सचिव फणींद्रनाथ शर्मा के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व जिला स्तर के नेता उपस्थित थे। (हि.स.)






कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें