गुवाहाटी। गुवाहाटी कि खानापाड़ा के खेल मैदान में बुधवार को भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र की तैयारी के लिए एक डिजिटल वाहन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रंजीत कुमार दास ने कहा कि जनता के मन की बात के बारे में जानने के लिए चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने से पहले यह व्यवस्था की जा रही है। इसके जरिए निर्धारित कार्यकर्ता राज्य के जिलों का दौरा कर जनता के मन की बातों की जानकारी लेंगे।
उन्होंने बताया कि मिशन100प्लस डॉट इन वेबसाइट के साथ 7383273832 नंबर पर मिस कॉल देकर भी जनता अपनी राय दे सकती है। चुनावी घोषणा पत्र के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र हमारे वादे हैं, जनता के मन की बात ही चुनावी घोषणा पत्र की भाषा- की बात मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल नेतृत्वाधीन सरकार ने स्पष्ट रूप से साबित कर दिखाया है। चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार काम करने के मामले में भाजपा के सफल होने की जानकारी देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जाति, माटी, भेटी, संस्कृति की सुरक्षा के मद्देनजर सोनोवाल नेतृत्वाधीन राज्य सरकार ने घुसपैठ को रोका है। भाषा की सुरक्षा के लिए भाषा गौरव योजना, असमिया संस्कृति के प्राण केंद्र नामघर-सत्रों की सुरक्षा के लिए आर्थिक अनुदान प्रदान किए। स्थानीय लोगों को जमीन का पट्टा दिया है।
विधानसभा चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद, मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनवाल की लोकप्रियता व दो “स” यानी सरकार की सफलता और पार्टी कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर आगामी चुनाव में विपक्ष को ध्वस्त कर भाजपा सरकार बनाने में सफल होगी।
कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि 2016 में घुसपैठ मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, प्रदूषण मुक्त, आतंकवाद मुक्त असम के निर्माण के लक्ष्य से भाजपा ने सरकार का गठन किया था। इन उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए घुसपैठ मुक्त असम के निर्माण के लक्ष्य से भारत-बांग्लादेश सीमाई स्थल मार्ग को सील करने के साथ ही 48 किलोमीटर के जल मार्ग को भी इजराइल की विकसित व्यवस्था पूर्ण पद्धति का प्रयोग कर किया गया।
भ्रष्टाचार मुक्त असम के निर्माण के लक्ष्य के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति को ध्यान में रखते हुए भ्रष्टाचार से जुड़े अनेक पदाधिकारियों को पकड़कर सजा देने में सरकार कामयाब हुई है। इसी तरह प्रदूषण मुक्त असम के निर्माण के उद्देश्य से साढ़े 4 सालों की सत्ता के दौरान असम में लगभग आठ करोड़ पचास लाख पौधे लगाए गए हैं। रिपोर्टों में असम में 228 वर्ग किलोमीटर वनांचल बढ़ने का खुलासा हुआ है।
आतंकवाद मुक्त असम के निर्माण के लक्ष्य से उल्फा समेत कई आतंकी संगठनों के नेताओं को राष्ट्र की मुख्यधारा में वापस लाया गया है और समाज में शांति स्थापित करने के मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के चौमुखी विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से अपनाए गए कदमों के आधार पर भाजपा ने जनता के बीच एक अलग स्थान बनाया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पवित्र मार्घेरिटा के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में नेडा के संयोजक डॉ हिमंत विश्वशर्मा, सांगठनिक महासचिव फणींद्र नाथ शर्मा, सांसद क्वीन ओझा, समेत प्रदेश भाजपा के कई शीर्ष पदाधिकारी उपस्थित थे। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें