बाक्सा। राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने शनिवार को प्रज्ञान भारती योजना के तहत डॉ बनिकांत काकति मेरिट अवार्ड के तहत बाक्सा जिला के मुसलपुर में मेधावी छात्राओं को स्कूटी प्रदान किया। असम सरकार द्वारा शुरू की गई महत्वाकांक्षी प्रज्ञान भारती योजना के तहत उन छात्राओं को मुफ्त स्कूटी प्रदान किया जाता है, जिन्होंने 2020 में असम हायर सेकेंडरी एजुकेशन काउंसिल (एएचएसईसी) के तहत प्रथम श्रेणी में उच्चतर माध्यमिक (एचएस) द्वितीय वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण किया था।
बाक्सा जिला की लगभग 500 छात्राओं को पुरस्कार प्राप्त करने के योग्य पाया गया है। इस मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ विश्वशर्मा ने राज्य में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए असम सरकार की पहल पर प्रकाश डाला।
उन्होंने अपनी बातें साझा करते हुए कहा कि उन्हें आज बेहद प्रसन्नता है कि आज मैं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद दिलीप सैकिया के साथ इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहा हूं।
शनिवार को बाक्सा के मुसलपुर में डॉ बनिकांत काकति मेरिट अवार्ड के तहत 542 मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित किया गया। राज्य सरकार के इस फ्लैगशिप योजना का शुभारंभ 20 दिसम्बर को असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और शिक्षा मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा द्वारा कामरूप जिला के अमीनगांव में एक कार्यक्रम में किया गया था।
प्रज्ञान भारती योजना के तहत कुल 144.30 करोड़ रु. की लागत से 22245 छात्राओं को महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्कूटी प्रदान किया जा रहा है। सरकार ने स्कूटी लेने का छात्राओं को विकल्प दिया था। जिसमें 22034 छात्रों ने पेट्रोल चालित स्कूटी का विकल्प चुना है जबकि, 211 छात्राओं ने बैटरी से चलने वाली स्कूटी को चुना है। (हि.स.)










कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें