असम विस चुनावः मनोज तिवारी को देखने उमड़ रही भीड़ - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

असम विस चुनावः मनोज तिवारी को देखने उमड़ रही भीड़


गुवाहाटी। भोजपुरी फिल्मों के सुपर स्टार व गायक तथा दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी को देखने-सुनने के लिए असम में काफी भीड़ जुट रही है। मनोज तिवारी का चुनावी प्रचार कार्यक्रम भाजपा ने उन क्षेत्रों में आयोजित किया है, जहां हिंदीभाषी और भोजपुरी भाषी लोग निवास करते हैं।


तिवारी बुधवार को भी बराक घाटी की तीन विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करने के लिए पहुंचने वाले हैं। जिसमें मुख्य रूप से लखीपुर, उदारबंद और लखीपुर का क्षेत्र शामिल है। इस इलाके में काफी अच्छी संख्या में भोजपुरी भाषी निवास करते हैं। वहीं बीती रात डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया जिले में मनोज तिवारी ने चुनावी जनसभा और रोड शो के जरिए राज्य में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करायी। बीती देर रात लगभग 08 के आसपास डिब्रूगढ़ विधानसभा के भाजपा उम्मीदवार प्रशांत फूकन के समर्थन में उन्होंने एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। डिब्रूगढ़ जिला शहर के ग्राहम बाजार के म्यूनिसिपल पूजा कमेटी के प्रांगण में आयोजित जनसभा में भारी संख्या में उपस्थित लोगों को अपने गीतों के जरिए भावविभोर करते हुए भाजपा उम्मीदवार फूकन को लगातार चौथी बार जिताने का आह्वान किया।




उन्होंने इस दौरान होली के गीत के बीच वादा किया कि प्रशांत फूकन के जीतने पर मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि असमवासियों ने देश के किसी भी हिस्से से आने वाले लोगों को सम्मान के साथ गले लगाया है। यह असम की संस्कृति है।


उन्होंने कहा, कांग्रेस और एआईयूडीएफ एक-दूसरे की नहीं भाते थे, लेकिन अब वे एक साथ हो गये हैं। एआईयूडीएफ असम की संस्कृति को नष्ट कर रही है। लेकिन कांग्रेस ने भाजपा के डर से एआईयूडीएफ से गठबंधन कर लिया है। उन्होंने कहा कि रिजल्ट जब आएगा तो देखने को मिलेगा कि जो लोग कांग्रेस को वोट देते थे, उन्होंने भी भाजपा को वोट दिया होगा। उन्होंने वादा किया कि यहां की जनता की प्रतिष्ठा पर कभी आंच नहीं आने दूंगा।


उन्होंने कहा कि जब भी यहां की जनता पर कोई समस्या होगी तो सामने रामेश्वर तेली और प्रशांत फूकन खड़े रहेंगे। और, मैं भी दिल्ली से आपके साथ खड़ा रहूंगा। उन्होंने असम सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि यहां की सड़कें काफी सुंदर हो गयी हैं। उन्होंने असम की सुंदर वादियों को लेकर एक फिल्म बनाने का भी ऐलान किया। जिसमें यहां की युवतियों को हिरोइन बनाने की बात कही। अपने संबोधन के दौरान बीच-बीच में भोजपुरी गीतों को गाते हुए लोगों को मंत्रमुग्ध करते नजर आए।


वहीं, मंगलवार को ही उन्होंने तिनसुकिया में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए तिनसुकिया से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) उम्मीदवार को लेकर भी जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि आरजेडी के जंगलराज से तंग आकर बिहार से लोग यहां पर आकर रहने लगे। अब यहां भी जंगलराज वाले पहुंच रहे हैं। ऐसे में इनको रोकना होगा। रोड शो में मनोज तिवारी को देखने के लिए सड़क के दोनों किनारों पर भारी भीड़ देखने को मिली।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें