कांग्रेस शासित राजस्थान और पंजाब में गारंटी का क्या हुआ: नरेंद्र सिंह तोमर - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

कांग्रेस शासित राजस्थान और पंजाब में गारंटी का क्या हुआ: नरेंद्र सिंह तोमर



गुवाहाटी। केंद्रीय मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के असम चुनाव प्रभारी नरेंद्र सिंह तोमर ने असम विधानसभा चुनाव में गारंटी दे रहे कांग्रेस के नेताओं से सवाल किया है कि कांग्रेस शासित प्रदेश राजस्थान और पंजाब में कांग्रेस की गारंटी का क्या हुआ। 


शुक्रवार को राजधानी के खानापाड़ा स्थित भाजपा के चुनाव प्रचार कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करते हुए तोमर ने ये सवाल उठाए। 


उन्होंने कहा कि असम में 15 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही है। कांग्रेस की सरकार से तंग आकर लोगों ने परिवर्तन का नारा दिया और भाजपा के हाथों में 2016 में सत्ता सौंपी। कांग्रेस शासनकाल में प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह असम से कई बार राज्यसभा चुनाव जीते और प्रधानमंत्री भी 10 वर्षों तक रहे। लेकिन, वे असम सिर्फ अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए ही पहुंचा करते थे। जबकि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का असम के साथ एक आत्मीय संबंध रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद से मोदी लगातार असम आ रहे हैं। 


उन्होंने  कहा कि चुनाव के मौके पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों भाई-बहन असम आकर लोगों के साथ तरह-तरह के वादे किया करते हैं। उसके बाद फिर भूल जाते हैं। असम की जनता इनकी बातों में नहीं आने वाली है। तोमर ने कहा कि आज चाय मजदूरों को लंबी चौड़ी गारंटी देने वाली कांग्रेस की जब असम में सरकार थी, तो चाय मजदूरों को दैनिक मजदूरी सिर्फ 137 रुपए मिल रही थी। लेकिन, भाजपा की सरकार ने इसे बढ़ाकर 217 रुपये किए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के सात लाख से अधिक चाय मजदूरों के खाते में तीन किस्तों में 8000 रुपये डाले। कांग्रेस ने हमेशा ही वोट बैंक के रूप में इन चाय मजदूरों का व्यवहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय कांग्रेस को चाय मजदूरों की समस्या याद आती है। 


केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि असम की जनता इस बात को समझती है कि अजमल माने कांग्रेस और कांग्रेस माने अजमल। कांग्रेस ने बदरुद्दीन अजमल के साथ हाथ मिलाकर अपनी संप्रदायिक छवि को असम की जनता के सामने उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका गांधी जितने अधिक बार असम आएंगे, भाजपा का वोट उतना ही अधिक बढ़ता जाएगा। उन्होंने कहा कि 2016 में असम में भाजपा की सरकार बनने के बाद ब्रह्मपुत्र पर कई पुल, नौ मेडिकल कॉलेज, 20 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कें, 800 से अधिक छोटे-बड़े पुलों के निर्माण किए गए।  


उन्होंने कहा कि घर-घर बिजली,  महिलाओं को रसोई गैस से लेकर सभी लोगों को घर आदि की व्यवस्था की गई। उन्होंने कहा कि अब भाजपा ने जितनी योजनाएं असम के विकास के लिए चलाई वह असम की जनता ने देखा है। 


पत्रकार सम्मेलन के दौरान उन्होंने इनके अलावा भी राज्य तथा केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा चलाई गई कई योजनाओं की चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए कई सवालों के सीधे-सीधे उत्तर दिए। पत्रकार सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयन्त जय पांडा, राष्ट्रीय प्रवक्ता केके शर्मा, पार्टी के आर्थिक कोष के संयोजक डॉ देबजीत महंत आदि भी मौजूद थे। (हि.स.)

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें