इतिहास के पन्नों मेंः 17 मार्च - Rise Plus

NEWS

Rise Plus

असम का सबसे सक्रिय हिंदी डिजिटल मीडिया


Post Top Ad

इतिहास के पन्नों मेंः 17 मार्च



नई दिल्ली। भारत के इतिहास में 17 मार्च का दिन खास है। हरियाणा की जिन दो बेटियों ने आसमान छूती ऊंचाइयां हासिल कर देश का नाम रोशन किया, आज के दिन ही पैदा हुईं। बांग्लादेश के पहले राष्ट्रपति शेख मुजीब-उर-रहमान का जन्म भी आज के दिन ही हुआ। इनके अलावा आज के दिन हुई कई दूसरी अहम घटनाएं इतिहास में दर्ज हैं।


कल्पना चावलाः भारत की महान बेटी कल्पना चावला का जन्म 17 मार्च 1962 को हरियाणा के करनाल में हुआ। वे 1995 में नासा के अंतरिक्ष यात्री कोर में शामिल हुईं। उनका पहला अंतरिक्ष मिशन 19 नवंबर 1997 को छह अंतरिक्ष यात्री दल के हिस्से के रूप में अंतरिक्ष शटल कोलंबिया की उड़ान एसटीएस-87 से शुरू हुआ। वे अंतरिक्ष में पहुंचने वाली भारत में जन्मी प्रथम महिला और भारतीय मूल की दूसरी व्यक्ति थीं। उन्होंने पहले मिशन में 1.04 करोड़ मील का सफर तय कर पृथ्वी की 252 परिक्रमा और अंतरिक्ष में 360 से अधिक घंटे बिताए। उनकी दूसरी अंतरिक्ष यात्रा जीवन की आखिरी यात्रा साबित हुई। 1 फरवरी 2003 को कोलंबिया अंतरिक्ष यान पृथ्वी की कक्षा में प्रवेश करते ही टूटकर बिखर गया और यान व उसमें सवार सातों यात्रियों के अवशेष बिखरकर रह गए। कल्पना चावला ने कहा ही था- मैं अंतरिक्ष के लिए ही बनी हूं। प्रत्येक पल अंतरिक्ष के लिए ही बिताया और इसी के लिए मरूंगी।


सायना नेहवालः भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल का जन्म 17 मार्च 1990 को हरियाणा के हिसार में हुआ। सायना ने शुरुआती प्रशिक्षण हैदराबाद के लाल बहादुर स्टेडियम में कोच नानी प्रसाद से लिया। माता-पिता दोनों बैडमिंटन खिलाड़ी थे, इसलिए इस खेल को लेकर शुरू से ही सायना की दिलचस्पी पैदा हुई। आगे चलकर उन्होंने भारतीय बैडमिंटन में इतिहास रच दिया। अबतक कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कर चुकीं सायना नेहवाल एक महीने में तीसरी बार प्रथम वरीयता पाने वाली अकेली महिला खिलाड़ी हैं। वे जूनियर बैडमिंटन विजेता रह चुकी हैं। लंदन ओलंपिक 2012 में सायना ने इतिहास रचते हुए बैडमिंटन की महिला एकल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। ऐसा करने वाली वे भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। उन्हें पद्मश्री और सर्वोच्च खेल पुरस्कार 'राजीव गांधी खेल रत्न' पुरस्कार मिल चुका है।


अन्य प्रमुख घटनाएंः

- 1861 में इटली का एकीकरण।

- 1920 में बांग्लादेश के प्रथम राष्ट्रपति शेख मुजीब-उर-रहमान का जन्म।

- 1957 में फिलीपीन के राष्ट्रपति रैमन मैग्सायसाय का हवाई दुर्घटना में निधन।

-  1969 में गोल्डा मेयर इजराइल की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।

- 1987 में महान भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया।

- 1989 में उत्तर प्रदेश के दो बार मुख्यमंत्री रहे दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा का निधन।

- 1996 में क्रिकेट विश्वकप के फाइनल में श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर खिताब अपने नाम किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नियमित रूप से WhatsApp पर हमारी खबर प्राप्त करने के लिए दिए गए 'SUBSCRIBE' बटन पर क्लिक करें