अरुणा अग्रवाल
रंगिया। असम में होने वाले विधानसभा चुनावों के दूसरे चरण में रंगिया निर्वाचन जिला के अंतर्गत 56 नं कमलपुर और 57 नं रंगिया विधानसभा क्षेत्र में आगामी 1 अप्रेल को मतदान कराया जाएगा। इसके लिए रंगिया निर्वाचन जिला सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इन दोनों विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छ और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए रंगिया के महकमाधिपति तथा जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्नील पाल के दिशानिर्देशों पर प्रशासन के सभी अधिकारी निर्वाचन की तैयारियों से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं को पूर्ण करने की कवायद में लगा हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्वाचन जिला के अंतर्गत 56 नं कमलपुर और 57 नं रंगिया विधानसभा क्षेत्रों के 448 मूल मतदान केंद्र व 81 सहायक मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। 57 नं रंगिया विधानसभा क्षेत्र मे इसबार मतदाताओं की संख्या कुल 193641 है जिसमें 97865 पुरूष मतदाता और 95776 महिला मतदाताओं का समावेश है। दूसरी ओर कमलपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या 178848 है जिसमें 90622 पुरूष मतदाता और 88226 महिला मतदाता मतदाता चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा विशेष प्रक्रिया के अंतर्गत नए मतदाताओं के नाम अंतिम सूची में जोड़े जाएंगे। अंतिम सूची में जोड़े गए मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। कोरोना संक्रमण सेे बचाव एवं सामाजिक दूरी के पालन को लेकर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार इसबार मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या सीमित की गई है। चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने नियम कायदे जारी कर दिए हैं। इसमें साफ किया गया है कि चुनाव संबंधी सभी कामकाज मे कोरोना से बचाव के उपायों को अपनाना होगा। चुनाव संबंधित हर गतिविधि के दौरान मास्क पहनने के साथ सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना होगा। चुनाव आयोग ने सभी गतिविधियों के लिए खास नियम जारी किए हैं। इसबार दिव्यांगों, 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, जरूरी सेवाओं में जुटे कर्मचारियों और कोरोना संक्रमितों के अलावा संभावित लोगों को पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा दी जाएगी।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें