गुवाहाटी। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने शुक्रवार को नगांव जिला के सर्किट हाउस के सभागार में आयोजित बैठक में नगांव, मोरीगांव और होजाई जिला के कोरोना के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के दौरान तीनों जिलों के उपायुक्त ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए उठाये जा रहे कदम जैसे परीक्षण, टीकाकरण व जागरुकता फैलाने, ऑक्सिजन की उपलब्ध आदि को लेकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया। जिला उपायुक्तों ने जिला मौजूद चिकित्सालयों के आधारभूत के विषय में भी मुख्यमंत्री को पूरी जानकारी दी।
बैठक में मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों में कोरोना के गंभीर रोगियों की चिकित्सा के संबंध में किसी भी कारण से ऑक्सिजन की कमी न हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने तीनों जिलों में कोरोना की जांच को बढ़ाने, टीकाकरण की प्रक्रिया को भी तेज करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान पिछले 10 दिनों के आंकड़ों पर मंथन करते हुए और अधिक व्यवस्थाओँ को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना के मद्देनजर जारी दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही इस संबंध में निचले स्तर तक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। जिसमें मुख्य रूप से गांवों के गांवबूढ़ा, खंड विकास अधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधियों को इस मामले में शामिल करने का आह्वान किया। वहीं रेल यात्रियों की रेलवे स्टेशन पर ही पूरी तरह से जांच करने का भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया। इसके अलावा दूसरे राज्यों से आने वाले ट्रक चालक, खलासियों आदि की स्वास्थ्य जांच को जरूरी बताया।
शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने तीनों जिलों के खाज्य और आपूर्ति विभाग के द्वारा उठाये गये कदमों की भी जानकारी ली। इस जटिल परिस्थिति के दौरान कोई व्यापारी अत्यावश्यक सामग्रियों की कीमत अधिक न वसूल पाए इस पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया। बैठक में राज्य सरकार के जल संसाधन विभाग के मंत्री केशव महंत, स्वास्थ्य विभाग के राज्य मंत्री पीयूष हजारिका, तीनों जिला के उपायुक्त कविता पद्मनाभन, सीमारेखा भुइंया, डॉ चांद्नेक सिंह, तीनों जिलों के पुलिस अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त निदेशकों के साथ ही अन्य उच्च पदाधिकारी मौजूद थे। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें