गुवाहाटी। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ से निपटने के लिए इस महीने गुवाहाटी तथा सोलापुर जंक्शन के बीच प्रत्येक स्टेशन से तीन ट्रिप के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए यह ट्रेन सम्पूर्ण रूप से आरक्षित सीटों के साथ चलेंगी।
ट्रेन सं. 01303 सोलापुर जंक्शन-गुवाहाटी स्पेशल ट्रेन की तीन ट्रिप सोलापुर से सोमवार को अपराह्न 05.30 बजे रवाना होगी तथा गुरुवार की रात 12.30 बजे गुवाहाटी पहुंचेगी। ट्रेन की पहली ट्रिप सोलापुर जंक्शन से 12 अप्रैल को रवाना हो चुकी है तथा द्वितीय एवं तृतीय ट्रिप 19 एवं 26 अप्रैल को रवाना होगी। वापसी दिशा में ट्रेन सं. 01304 गुवाहाटी-सोलापुर जंक्शन स्पेशल ट्रेन की तीन ट्रिप गुवाहाटी से शुक्रवार की सुबह 05.30 बजे रवाना होगी तथा रविवार को सुबह 07.55 बजे सोलापुर जंक्शन पहुंचेगी। यह ट्रेन गुवाहाटी से 16, 23 एवं 30 अप्रैल को रवाना होगी। इस ट्रेन में यात्रियों के लिए वातानुकूलित-3 टीयर, शयनयान श्रेणी तथा साधारण द्वितीय श्रेणी के आसन उपलब्ध रहेंगे।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शुभानन चंदा ने मंगलवार को बताया है कि रेलवे विभिन्न स्टेशनों पर संबंधित राज्य सरकारों द्वारा जारी कोविड से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन कर रही है। रेल यात्रियों के जांच की व्यवस्था के लिए संबंधित राज्यों के स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है। यात्री यात्रा के दौरान न्यूनतम सामानों के साथ यात्रा करें तथा स्टेशनों तथा ट्रेनों में फेस कवर, मास्क अवश्य पहनें। यात्री स्टेशन तथा ट्रेनों में सामाजिक दूरी का अवश्य पालन करें। सभी यात्रियों को यात्रा आरम्भ करने से पहले आरोग्य सेतु एप्लीकेशन डाउनलोड कर उसका इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गयी है। रेलवे ने कोविड से संबंधित सुरक्षा के किसी भी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगाने का भी निर्णय लिया है।
गंतव्य पर पहुंचने पर यात्रियों को गंतव्य राज्य के लागू स्वास्थ्य विधियों का पालन करना होगा। सभी यात्रियों से इस संबंध में रेलवे तथा संबंधित राज्य के सरकारी अधिकारियों के साथ सहयोग करने की रेलवे प्रशासन ने आह्वान किया है। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें