गुवाहाटी। असम प्रदेश स्वास्थ्य विभाग कोरोना महामारी की दूसरी लहर से निपटने की तैयारी में जुट गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक शीर्ष अधिकारी के अनुसार गुवाहाटी शहर में कोरोना के इलाज के लिए पर्याप्त बिस्तर उपलब्ध हैं।
मंगलवार को मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से सटे कालापहाड़ अस्पताल में 162 बेड तैयार हैं। इसके साथ ही महेंद्र मोहन चौधरी अस्पताल में 62 बेड हैं। सोमवार से गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 555 बिस्तरों के अस्पताल शुरू किए गये हैं। स्वास्थ्य अधिकारी ने लोगों से घबराने की नहीं सतर्क रहने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के बिस्तर के मामले में गुवाहाटी में कभी कोई समस्या नहीं होने वाली है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में बिस्तर उपलब्ध हैं।
उल्लेखनीय है कि देश के अन्य हिस्सों की तरह असम में भी तेजी से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में अचानक इजाफा होता दिखाई दे रहा है। पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें तो दो दिन के अंदर संख्या दो गुनी हो जा रही है। सोमवार को राज्य में 583 मामले सामने आए थे, जबकि 08 अप्रैल को 167 संक्रमितों की शिनाख्त हुई थी। प्रतिदिन बढ़ रहे मरीजों की संख्या राज्य में कोरोना के भयावह होने की कहानी बयां कर रहे हैं।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ हिमंत विश्वशर्मा ने सोमवार को कहा था कि असम में लॉकडाउन का माहौल नहीं है क्योंकि हमारी सकारात्मकता दर केवल 0.5 प्रतिशत है। जब तक कोरोना रहेगा, 0.5 प्रतिशत सकारात्मकता रहेगी। कोविड को लॉकडाउन द्वारा भी केवल 0.5 तक ले जाया जा सकता है। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें