हरिद्वार। महाकुंभ पर्व के दूसरे शाही स्नान सोमवती अमावस्या पर कोरोना के ख़ौफ़ के बावजूद आस्था का सैलाब दिखाई दिया। शाही स्नान के लिए अल सुबह से ही श्रद्धालुओं के स्नान का क्रम शुरू हो गया था ,जो देेर शाम तक जारी था। मेला प्रशासन का दावा है कि आज शाम छह बजे तक 31 लाख 23 हजार श्रद्धालुओं ने गंगा में स्नान किया है। हर की पैड़ी पर स्नान कर श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।
मेलाधिकारी दीपक रावत व मेला आईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि समय बीतने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गयी। उन्होंने बताया कि सुबह दस बजे 17 लाख 31 हजार श्रद्धालुओं ने हरिद्वार कुम्भ मेला क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान किया। यह संख्या दिन में 12ः00 बजे 21 लाख 07 हजार पहुंच गई थी। शाम चार बजे स्नानार्थियों की संख्या 27 लाख 79 हजार और शाम छह बजे तक यह आंकड़ा 31 लाख 23 हजार तक पहुंच गया था जबकि स्नान का क्रम देररात तक जारी रहेगा। (हि.स.)





कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें