अरुणा अग्रवाल
रंगिया। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर रंगिया महकमा प्रशासन और रंगिया पौरसभा द्वारा तथा रंगिया की अग्रणी गैर- सरकारी संस्था साधना के सहयोग से शहर के विभिन्न अंचलों में पौध रोपण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रंगिया के विधायक तथा असम के पूर्व मंत्री भवेश कलिता द्वारा रंगिया हाइवे के पास स्थित उच्चत्तर माध्यमिक बालिका विद्यालय के पास एक मूल्यवान औषधीय पौधा लगाकर किया गया। इस दौरान विधायक भवेश कलिता ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दी और उन्होंने कहा कि प्रकृति से हमें बहुत कुछ मिलता है तो हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि इसकी सुरक्षा करें। वहीं कोरोना महामारी हमें यह सीख दे गई है कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना कितना जरूरी है। इस मौके पर उपस्थित रंगिया के महकमाधिपति तथा आई ए एस अधिकारी स्वप्निल पाल, रंगिया के चक्राधिकारी चंदन बोरगोहाइ, रंगिया स्वस्ति अस्पताल के संचालन प्रधान डॉ हितेंद्र कलिता, रंगिया पौरसभा के कार्यवाही अधिकारी प्रसन्नजीत गोगोई, रंगिया पौरसभा के कार्यवाही अभियंता बसंत कलिता, संगठन साधना के सचिव योग चिकित्सक ज्योतिष कलिता, पांडुरी जिला परिषद के सदस्य लिटन कलिता ने भी एक- एक पौधा लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त करने का संदेश दिया। मौके पर महकमाधिपति स्वप्निल पाल ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के लिए वृक्षारोपण ही एकमात्र उपाय है। मैं सभी से अनुरोध करता हूँ कि प्रतिवर्ष अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएँ। वहीं रंगिया स्वस्ति अस्पताल के संचालन प्रधान डॉ हितेंद्र कलिता ने पेडों की महत्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिंदा रहने के लिये ऑक्सीजन कितनी जरूरी होती है जो हमें पेडों से मिलती है। इस कार्यक्रम के पश्चात आयोजकों की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों में पौधे लगाए गए तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर रंगिया महकमा प्रशासन, रंगिया पौरसभा, संगठन साधना के अधिकारी और पदाधिकारी और कर्मचारियों सहित स्थानीय कुछ विशिष्ट लोगों ने भाग लिया। पौधरोपन कार्यक्रम कोविड गाइडलाइन के सभी नियमों को पूरी तरह से पालन करते हुए किया गया।











कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें