गुवाहाटी। असम विधानसभा के बजट सत्र में नवगठित पार्टी राइजर दल के एकमात्र विधायक अखिल गोगोई को विधानसभा अध्यक्ष बिश्वजीत दैमारी ने गुरुवार को एक तरह से चेतावनी दे दी। सदन में अखिल को अपने स्वभाव के अनुरूप प्रश्नकाल के दौरान हर समय प्रश्न पूछने को लेकर उतावला देखा जा रहा है।
बजट सत्र के चौथे दिन अखिल को विस अध्यक्ष ने सदन के नियमों के अनुरूप व्यवहार करने का सुझाव दे रहे थे, लेकिन अखिल को मानों अध्यक्ष की बातों का कोई असर नहीं हो रहा था। अंततः आज अखिल को अध्यक्ष ने साफ किया कि अगर नियमों की अवमानना होगी तो वे सदन से बाहर निकालने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
सदन में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग से संबंधित प्रसंग के दौरान म्यांमार से सुपारी लाए जाने के मुद्दे पर अखिल ने प्रश्न पूछने की कोशिश की तो अध्यक्ष दैमारी ने उन्हें कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि हर किसी समय वे क्यों बोलते रहते हैं। ऐसे में हर समय बोलने पर वे सदन को चलाने के लिए कठोर निर्णय के तहत सदन से बाहर करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि म्यांमार से सुपारी असम कैसे आती है इसको लेकर अखिल सवाल करना चाहते थे। अखिल म्यांमार से अवैध रूप से सुपारी लाए जाने को लेकर पहले आंदोलन कर चुके हैं। सदन में बरपेटा के विधायक अब्दुर रहिम अहमद ने सुपारी को लेकर सवाल पूछा था। अहमद ने बरपेटा में सुपारी को लेकर उद्योग लगाने को लेकर सवाल किया था। जबकि अखिल यह जानना चाहते थे कि असम के साथ म्यांमार की सुपारी को लेकर कोई समझौता नहीं, फिर सुपारी कैसे आती हैं।
विधायक के लगातार प्रश्न पूछे जाने से पहले से ही नाराज अध्यक्ष ने आज अखिल को एक तरह से चेतावनी दे डाली। (हि.स.)








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें