गुवाहाटी। कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बीच मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा व मारवाड़ी हास्पीटल ने टीकाकरण के क्षेत्र में 25,000 से अधिक लोगों को कोरोना प्रतिरोधक टीका लगाकर एक नया आयाम स्थापित कर डाला। विशेष बात यह है कि इन 25,000 डोजों में आज तक एक भी डोज को जाया नहीं जाने दिया गया है। मारवाड़ी सम्मेलन व मारवाड़ी हास्पीटल के इतिहास में शायद यह पहला ऐसा शिविर है जो अनवरत 76 दिनों से मानव सेवा के कार्य में लगा हुआ है। वहीं गैर सरकारी संगठनों द्वारा चलाए जा रहे वैक्सीनेशन कैंपों में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा पहला ऐसा वैक्सीनेशन कैंप है, जो पिछले 76 दिनों से लगातार एक ही स्थान पर एक बैनर तले लार्जेस्ट वैक्सीनेशन ड्राइव के तहत एक ही कैंप में अब तक 25000+ लोगों को सफलतापूर्वक कोविड के टीके लगाए जा चुके हैं, जो अपने आप में एक इतिहास है। टीकाकरण के अलावा 13000 से अधिक लोगों का पंजीयन सम्मेलन के निष्ठावान कार्यकर्ताओं द्वारा किया जा चुका है। इनमें से अधिकांश लोगों को स्मार्ट फोन का इस्तेमाल करना नहीं आता। साथ ही निरक्षर लोग भी शामिल हैं। वहीं 10,000 से अधिक लोगों का निःशुल्क रैपिड एंटीजेन टेस्ट किया जा चुका है।
इस सिलसिले में मारवाड़ी सम्मेलन गुवाहाटी शाखा के सलाहकार अशोक धानुका ने बताया कि छत्रीबाड़ी स्थित असम माहेश्वरी भवन में सम्मेलन की गुवाहाटी शाखा के तत्वावधान में असम सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से गत 17 मई से कोविड टीकाकरण शिविर का शुभारंभ किया गया था, जो आज तक अपनी सेवाएं दे रहा है। उन्होंने कहा कि कैंप को एक भी दिन बिना रोके जारी रखने का श्रेय सम्मेलन के कार्यकर्ताओं को जाता है, जो समर्पित भाव से महामारी के इस दौर में मानव सेवा को सर्वोपरि मानते हुए निःस्वार्थ भाव से सेवाएं निरंतर दे रहे हैं।
श्री धानुका ने कहा शिविर में 18+ से लेकर 95+ तक आयु वाले लोग टीका लगवा चुके हैं। दिव्यांगों, वृद्धजनों की सुविधा अनुसार भवन के सामने गाड़ी में उन्हें टीका लगाने की व्यवस्था भी सम्मेलन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले जहां स्लॉट नहीं मिलने को लेकर आम जनता काफी परेशान रहती थी, वहीं अब मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के निर्देश पर बिना स्लॉट के ही लोगों को टीका देने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के इस कदम से लाखों लोगों को राहत पहुंची है और वे अब सीधे शिविर में पहुंच कर टीके लगवा रहे हैं। ऐसा करने से राज्य में टीकाकरण अभियान को काफी गति मिली है, जो कोरोना महामारी को रोकने में काफी मददगार साबित होगी।
श्री धानुका ने बताया कि शिविर के 76वें दिन रविवार को कुल 616 लोगों को कोविड प्रतिरोधक टीके लगाए गए। इनमें कोविशील्ड के प्रथम व द्वितीय डोज के अलावा कोवैक्सीन का दूसरा डोज दिया गया। टीका को लेकर लोगों की भारी मांग को देखते हुए माहेश्वरी भवन में सोमवार को भी कोविशील्ड का प्रथम व द्वितीय डोज के अलावा कोवैक्सीन का दूसरा डोज 18+ व 45+ आयु वालों के लिए ‘वाक इन सेवा’ के आधार पर उपलब्ध रहेगा। सरकार द्वारा दी जाने वाली वैक्सीन के आधार पर लोगों को टीके उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कैंप को आयोजित करने में मारवाड़ी हॉस्पिटल के चिकित्सक व नर्स, आसाम माहेश्वरी सेवा ट्रस्ट का भी महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है।








कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें